spot_img
spot_img
Monday, August 17, 2026
spot_img

काशीपुर : स्विफ्ट कार में संदिग्ध हालत में मिला ढकिया नं. 1 के युवक का शव

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक खेत में खड़ी स्विफ्ट कार में ढकिया नं. 1 के युवक का संदिग्ध हालत में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम करवाया है।

कोतवाली काशीपुर में तैनात एसएसआई नवीन बुधानी ने बताया कि आज सुबह 7 बजे के करीब 112 के माध्यम से चौकी प्रतापपुर, काशीपुर को सूचना प्राप्त हुई कि एक स्विफ्ट कार खेत में नीचे गिरी है, जिसमें एक व्यक्ति बैठा है संभवतः उसकी मृत्यु हो गई है।

सूचना पर चौकी प्रतापपुर में तैनात एसआई संजय सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। उक्त घटनाक्रम जो कि प्रथम दृष्टया एक्सीडेंट लग रहा था, कार तथा मृतक को खेत से निकाला गया। स्थानीय लोगों द्वारा मृतक की पहचान संजीव कुमार पुत्र सोहन सिंह निवासी बाजावाला, ढकिया नंबर एक, कुंडेश्वरी के रूप में की गई। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में पहुंचाया गया।

घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करती हुई फॉरेंसिक टीम।

एसएसआई बुधानी ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई के दौरान जब मृतक संजीव के शव को अच्छी तरह से उलट-पुलट कर देखा गया तो उक्त चोटें एक्सीडेंट से आना प्रतीत नहीं हो रही हैं, उक्त संदिग्ध चोटों को देखते हुए उन्होंने मौके पर पहुंच कर शव का बारीकी से निरीक्षण किया गया और सीओ काशीपुर को सूचित किया गया।

उन्होंने बताया कि मृतक के गले पर चोटें संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। हत्या की आशंका प्रतीत हो रही है। शव का पोस्टमार्टम पैनल से करवाया जा रहा है। फील्ड यूनिट/एसओजी टीम को सूचना दे दी गई है। तहरीर प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles