विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक व्यक्ति ने अपनी पूर्व कामवाली पर उनकी झूठी बदनामी करने व अपने पति व अन्य साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने व मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
रानी पद्मावती कालोनी निवासी राजेन्द्र सिंह पुत्र रंजीत सिंह ने कटोराताल चौकी प्रभारी को तहरीर देकर बताया कि उनके घर पर संतोष पत्नी तीरथ निवासी महादेव कालोनी बड़े गुरुद्वारे के पीछे, काशीपुर लगभग 4 माह से घरेलू कार्य कर रही थी। किन्तु 2 माह पूर्व उन्होंने उसे काम पर से हटा दिया था और उसके बदले दूसरी युवती उनके घर घरेलू कर रही है।
राजेन्द्र सिंह ने बताया कि संतोष ने रंजिश रखते हुये उसके व मेरे परिवार के सदस्यों की झूठी बदनामी शुरू कर दी कि उन्होंने उसके कार्य के पैसे नहीं दिये, जबकि उन्होंने संतोष सारा हिसाब कर दिया था।
राजेन्द्र सिंह ने बताया कि दिनांक 30.08.2026 को समय करीब 4ः30 बजे वह अपनी दुकान से वापस घर आ रहे थे कि कालोनी में संतोष उन्हें मिल गयी तो उन्होंने उससे कहा कि तुम झूठी अफवाहें क्यों फैला रही हो तो इतने में ही संतोष ने उनके साथ गाली-गलौच व हाथापाई शुरू कर दी तथा फोन करके अपने पति तीरथ को भी बुला लिया।
राजेन्द्र सिंह ने बताया कि तीरथ अपने साथ 5 आदमी लेकर आया जिनके हाथों लाठी-डण्डे व कुल्हाडी थी। उक्त लोगों ने मेन गेट तोड़ने की कोशिश की और अन्दर घुस गये तथा गमलों को तोड़ा और गन्दी-गन्दी गालियां दी उस समय मेरी पत्नी घर पर अकेली थी। उक्त संतोष व उसके पति ने उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने तथा किसी झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है। उन्होंने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
राजेन्द्र सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 191(3), 333, 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एएसआई प्रकाश सिंह बोरा के हवाले की है।



