विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने महुआखेड़ा गंज में हुए महविश हत्याकांड का खुलासा करते हुए 2 युवतियों व एक युवक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा एवं 1 खोखा कारतूस बरामद कर लिया।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दिनांक 10.09.2026 को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती महविश की गोली लगने से मृत्यु होने की घटना सामने आई थी। घटना के संबंध में मृतका के भाई फईम हुसैन पुत्र स्व. फरियाद हुसैन निवासी महुआखेड़ागंज, काशीपुर, आईटीआई, जनपद ऊधम सिंह नगर द्वारा दिनांक 11.09.2026 को कोतवाली आईटीआई में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली आईटीआई में धारा 103(1)/238/61(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके (एसएसपी अजय गणपति) द्वारा घटना के त्वरित अनावरण के कड़े निर्देश देते हुए कोतवाली आईटीआई से एक पुलिस टीम का किया गया। गठित पुलिस टीमों द्वारा नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार दबिश एवं सुरागरसी- पतारसी की जा रही थी।
आज दिनांक 12.09.2026 को कोतवाली आईटीआई पुलिस टीम ने चौकी पैगा क्षेत्र में अभियुक्तों की तलाश एवं विवेचनात्मक कार्रवाई हेतु रवाना थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी कर मौके से 3 नामजद अभियुक्तों साजिद, फिजा एवं सबीना को धारा 105/91(2) ,238 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त साजिद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 1 अवैध तमंचा 12 बोर एवं 1 खोखा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान साजिद ने बताया कि उसके पास मौजूद 12 बोर का तमंचा करीब 6 माह पूर्व महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी एवं मेहविश की आपस में छीनाझपटी हुई जिसमें साजिद की छोटी बेटी से गोली चल गई जो मेहविश को लग गई और उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद अभियुक्त साजिद एवं उसकी पुत्री फिजा द्वारा मौके पर फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने का प्रयास किया गया और साजिद द्वारा मृतका के शव को अपने घर से हटाकर मृतका के घर पर शव को पहुँचाकर घटनास्थल बदला गया था। इसके बाद तीनों अभियुक्त मौके से फरार होने की फिराक में थे, जिन्हें पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त –
1. साजिद (50 वर्ष) पुत्र जुम्मा निवासी ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई, जनपद ऊधम सिंह नगर।
2. सबीना (18 वर्ष) पुत्री साजिद
3. फिजा (20 वर्ष) पुत्री साजिद
पुलिस टीम में कोतवाल आईटीआई मोहन चंद्र पाण्डेय, प्रभारी चौकी पैगा एसआई विक्रम सिंह धामी, एएसआई दीपक चौहान, कां. हरीश नेगी, जगदीश दुगताल, राधा गोस्वामी तथा धर्मेन्द्र भारती शामिल थे।



