सुहानी अग्रवाल
देहरादून (महानाद) : पुलिस ने सहस्रधारा रोड पर एक महिला के अपहरण की कोशिश के मामले में एक 19 साल की युवती को गिरफ्तार किया है। मामला दूध की डेरी खरीदने-बेचने से जुड़ा हुआ है।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी जया बलूनी ने बताया कि 23 सितंबर को सुषमा वर्मा पत्नी राहुल वर्मा निवासी कानन कुंज, सहस्रधारा रोड, देहरादून ने थाना रायपुर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सुबह के लगभग 6ः50 बजे नाला पानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में तत्काल संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देशों पर तत्काल थाना रायपुर व एसओजी देहात की संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा घटनास्थल व उसके आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चैक करते हुए घटना में शामिल अभियुक्तों व वाहन के संबंध में जानकारी एकत्रित की गई, साथ ही घटना के सम्बन्ध में वादिनी सुषमा वर्मा से जानकारी कर अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की गई।
पुलिस द्वारा लगातार किये जा रहे प्रयासों के दौरान दिनांक 26.09.2026 को पुलिस टीम द्वारा घटना में शामिल अन्नू उर्फ चाहत को सहस्रधारा रोड से गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल 4 अन्य अभियुक्तों दीपक पुत्र दलीप कुमार, सुशांत उर्फ लक्की, अदित्य वशिष्ठ तथा प्रियांशु के नाम प्रकाश में आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिशें दी जा रही है।
पूछताछ के दौरान चाहत उर्फ अन्नू ने बताया कि घटना में उसके साथ शामिल दीपक पासवान को वह पिछले 2 वर्षाे से जानती है तथा दोनों अपना बिजनेस स्टार्ट करना चाहते थे, जिसके लिये वे अपने किसी परिचित के माध्यम से सुषमा वर्मा से मिले, जिसके साथ उनके द्वारा अठूरवाला, भानियावाला स्थित डेयरी, जिसमें 11 गाय थीं, को चलाने का सौदा 7 लाख 50 हजार रुपये में तय किया तथा उसके एवज में उसे 5 लाख रुपये नकद तथा 2 लाख 50 हजार रुपये का चैक दिया था। इस दौरान सुषमा ने उन्हें बताया गया था कि उक्त गायों द्वारा प्रतिदिन 150 लीटर दूध दिया जाता है तथा उक्त दूध को एग्रीमेंट के अनुसार उन्हें पुष्पा नेगी, जिनकी जमीन पर उक्त डेयरी बनी हुई थी, को ही बेचना था, परन्तु गायों का दूध बहुत कम निकलने पर उनके द्वारा इस सम्बंध में सुषमा को बताते हुए अपने 5 लाख रुपये वापस मांगे गये तो उसके द्वारा काम जारी रखने तथा बची हुई रकम में इसे एडजेस्ट करने का आश्वासन दिया गया था।
इस दौरान अन्नू की तबीयत अचानक खराब होने के कारण उनके द्वारा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया तथा पैसों की जरूरत पड़ने पर उनके द्वारा पुष्पा नेगी से उसे बेचे गये दूध के एवज में उसके पास बचे अपने 1 लाख 22 हजार रुपये मांगे गये तो उसके द्वारा पैसे केवल सुषमा को देने की बात कही गई। सुषमा से बात करने पर उसके द्वारा उन्हें मात्र 10 हजार रुपये देते हुए शेष पैसे देने से साफ इन्कार कर दिया। सुषमा द्वारा उन्हें पैसे देने में लगातार आनाकानी की जा रही थी, वह न तो उनके द्वारा डेयरी में लगाये गये पैसे वापस कर रही थी और न ही दूध के एवज में उसके द्वारा पुष्पा नेगी से प्राप्त की गई रकम उन्हें दे रही थी।
डेरी में लगाई गई रकम को उनके द्वारा अन्य लोगों से ब्याज पर उठाया गया था तथा उक्त व्यक्तियों के द्वारा भी उन पर रकम वापस करने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। जिस पर परेशान होकर उसने दीपक के अन्य साथियों के साथ मिलकर सुषमा को डराने का प्लान बनाया तथा योजना को अजांम देने के लिये कारगी चौक के पास से एक काले रंग की स्विफ्ट कार को किराये पर लिया, जिसके एवज में गारन्टी के तौर पर अन्नू ने अपनी स्कूटी को रखा था। घटना से पूर्व वे दोनों अपने साथियों से मिलने रोशनाबाद, हरिद्वार गये तथा वहां से अपने अन्य साथियों आदित्य, लक्की व प्रियांशु के साथ वापस देहरादून आये। दिनांक 23.09.2026 की प्रातः योजना के मुताबिक दीपक, आदित्य व लक्की उक्त स्विफ्ट कार से सुषमा को डराने के लिये सहस्त्रधारा पहुंचे, पर उसके शोर मचाने व आसपास के लोगो के उनकी ओर आने के कारण पकडे जाने के डर से वह सभी मौके से फरार हो गये थे।
नाम पता गिरफ्तार अभियुक्ता –
चाहत उर्फ अन्नू (19 वर्ष) पुत्री विनोद कुमार निवासी-गोविन्द विहार, डाण्डा, लखौण्ड, थाना रायपुर, देहरादून।
नाम पता वांछित अभियुक्तगण –
1-दीपक पुत्र दिलीप कुमार निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, ज्वालापुर, सिडकुल, हरिद्वार।
2- सुशांत उर्फ लक्की पुत्र अनिल कुमार, निवासी ग्राम डोब, तहसील देवप्रयाग, थाना हिंडोला खाल, जनपद टिहरी गढ़वाल।
3- आदित्य वशिष्ठ पुत्र अमित शर्मा निवासी औरंगाबाद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार।
4- प्रियांशु पुत्र सुखपाल निवासी नगला अहमद, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार।



