नई दिल्ली (महानाद) : जस्टिस विक्रम नाथ देश के अगले चीफ जस्टिस होेंगे। लखनऊ यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री पूरी करने के 40 साल बाद वे देश के अगले चीफ जस्टिस (सीजेआइ) का पद संभालने जा रहे हैं। जस्टिस विक्रम नाथ को 2018 में यूनिवर्सिटी की ओर से विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।
24 सितंबर 1962 को जन्मे जस्टिस विक्रम नाथ वकीलों के परिवार से आते हैं और अपने परिवार में कानून की पढ़ाई करने वाली चौथी पीढ़ी से संबंधित हैं। उन्होंने वर्ष 1983 में विज्ञान में स्नातक और वर्ष 1986 में लखनऊ विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने 30 मार्च 1987 को उत्तर प्रदेश बार काउंसिल में एक वकील के रूप में अपना पंजीकरण कराया। उन्होंने 17 वर्षों से अधिक समय तक इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वकालत की है।
उन्हें 24 सितंबर 2004 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। उन्होंने 27 फरवरी 2006 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। उन्हें 10 सितंबर 2019 को गुजरात उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। अपने इस कार्यकाल के दौरान उन्होंने यूट्यूब पर अदालत की कार्यवाही की लाइव-स्ट्रीमिंग शुरू की थी, जो देश के किसी उच्च न्यायालय में पहली ऐसी पहल थी। उन्हें 31 अगस्त 2021 को भारत के सर्वाेच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया।



