बेतालघाट/नैनीताल (महानाद) : कोसी नदी किनारे फोटो खींचने गया 16 वर्ष का किशार नदी में बह गया। किशोर की तलाश में खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
उक्त जानकारी देते हुए एसडीएम, श्री कैंची धाम, अनुराग आर्य नेबताया कि दिनांक 07.10.2026 को अपराह्न लगभग 1ः00 बजे दीपक कुमार पुत्र भुवन चन्द्र (आयु लगभग 16 वर्ष), निवासी ग्राम बिनकोट, तहसील बेतालघाट, अपने तीन मित्रों के साथ ग्राम रोपा, तहसील बेतालघाट में कोसी नदी के किनारे फोटो खींचने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में बह गया। उसके मित्रों ने तत्काल इसकी सूचना दी।
उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर लगातार सर्च अभियान चला रही है। तहसीलदार, श्री कैंची धाम भुवन चन्द्र भण्डारी अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और खोज एवं बचाव कार्य की निरन्तर निगरानी कर
रहे हैं। प्रशासन द्वारा सर्च अभियान पर जारी है। पीड़ित परिवार को हर सम्भव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है।
प्रशासन की अपील : मानसून के बाद नदियों का जलस्तर एवं बहाव अभी भी तेज है। आम जनता, विशेषकर युवाओं एवं पर्यटकों से अपील है कि नदी किनारे, चट्टानों एवं फिसलन वाले स्थानों पर फोटो या सेल्फी लेने से बचें। अभिभावक अपने बच्चों को नदी-नालों के किनारे अकेले न जाने दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आपदा कंट्रोल रूम / डायल 112 पर सूचना दें।



