बिजनौर (महानाद) : बिजनौर पुलिस ने सीओ, तहसीलदार के नेतृत्व में दो व्यक्तियों को भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है।
आपको बता दें कि दिनांक 9.10.2026 को सीओ सिटी, तहसीलदार नगर मय राजस्व टीम एवं एफएसएसओ मय फायर टीम के साथ कोतवाली शहर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर साबिर पुत्र गुलाम मुस्तफा निवासी मौहल्ला बुखारा, बिजनौर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गन्धक के 9 कट्टे (336.860 किग्रा), काली राख के 4 कट्टे (182.915 किग्रा), पोटाश के 6 कट्टे (239.84 किग्रा), 20 लीटर की पेन्ट कैन, 25 किग्रा एल्यूमिनियम पाउडर, एक लोहे की मिक्सर मशीन, 3 बड़े व 3 छोटे प्लास्टिक के टब तथा एक लोहे की छन्नी बरामद की है।
मामले में कोतवाली में धारा 4बी/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 एवं धारा 288 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, साबिर द्वारा पूछताछ में बताए गए अन्य अभियुक्त सईद पुत्र शकूर निवासी ग्राम सिरधनी, बिजनौर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ के दौरान साबिर ने बताया कि उसकी आतिशबाजी निर्माण फैक्ट्री मुबारकपुर रोड के पास स्थित है। अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से उसने अपने साथियों 1. मुजम्मिल 2. अकरम पुत्र झबरे निवासी मुबारकपुर तालान, बिजनौर एवं 3. सईद पुत्र शकूर निवासी ग्राम सिरधनी, बिजनौर के साथ मिलकर फैक्ट्री के लाइसेंस की निर्धारित क्षमता से अधिक गन्धक, पोटाश, काली राख एवं एल्यूमिनियम पाउडर एकत्र कर मिक्सर मशीन से मिश्रण तैयार कर पटाखे बनाने में प्रयोग करने हेतु रखा था।
उसने बताया कि चेकिंग के डर से उक्त विस्फोटक सामग्री को सईद के आम के बाग में बने भूसे के कमरे में छिपा दिया था। उसने बताया कि उक्त सामग्री बिना बिल एवं वैध कागजात के खरीदी गई थी तथा तैयार माल से होने वाले मुनाफे को सभी आपस में बाँट लेते थे। पुलिस को देखकर उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अवनीत मान, एसआई संजीव कुमार, राहुल गंगवार, कां. राहुल, रजत, रोहित, नकुल तथा अमरजीत राठी शामिल थे।



