रुद्रपुर (महानाद) : एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में जिले भर की पुलिस द्वारा विगत 10 घंटे से नानकमत्ता में ‘ऑपरेशन सफाया’ चलाया जा रहा है। ऑपरेशन में एसएसपी अजय गणपति स्वयं मौके पर मौजूद हैं।

आपको बता दें कि एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व चल रहे ‘ऑपरेशन सफाया’ में एसपी सिटी रुद्रपुर के निर्देशन में 10 पुलिस टीमों द्वारा नानकमत्ता क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगातार कार्यवाही करते हुए अब तक 10 अवैध तमंचों व 13 कारतूसों के साथ 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 350 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार कर 10 हजार लाहन नष्ट किया गया है। 14 संदिग्ध व्यक्तियों को 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया गया है तो 2 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, 01 संदिग्ध से 7 क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नगद बरामद हुए हैं।

विदित हो कि एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशानुसार जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सफाया’ के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी खटीमा, क्षेत्राधिकारी काशीपुर, क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नानकमत्ता के नेतृत्व में प्राप्त पुलिस बल जिसमें प्रभारी निरीक्षक झनकईया, थानाध्यक्ष पुलभट्टा, थानाध्यक्ष दिनेशपूर, एसएसआई खटीमा, विभिन्न थाने / चौकी से प्राप्त पुलिस बल / पीएसी / एसओजी टीम / पुलिस कार्यालय / पुलिस लाईन / एण्टी राईट टीम में प्राप्त अधिकारी / कर्मचारी गणों में से थाना क्षेत्रान्तर्गत अवैध शस्त्र / अवैध कच्ची शराब / स्मैक तस्करी / वारण्टियों के विरुद्ध सघन चौकिंग अभियान व निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए थाना नानकमत्ता क्षेत्रान्तर्गत में अवैध शस्त्र / कच्ची शराब / वारण्टी की गिरफ्तारी की गई। जिसमें आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार जनपद के अलग-अलग थाना/ कोतवाली क्षेत्रों में इस तरह के ऑपरेशन चलाए जाएंगे और तमंचा, साइबर क्राइम, कच्ची शराब तथा ड्रग्स में लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



