विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : व्यापारियों से दुर्व्यवहार के चलते नगर मेयर दीपक बाली ने तहबाजारी का ठेका रद्द कर दिया है। वहीं उन्होंने कहा कि 5-7 लोगों के निजी हितों के चलते वेंडिंग जोन का काम बंद नहीं किया जायेगा। एक प्रेस वार्ता आयोजित कर मेयर बाली ने यह भी बताया कि शरि में कूड़ा संग्रहण को मजबूत बनाने के लिए हर घर-दुकान पर आरएफआईडी टैग लगाये जायेंगे।
आपको बता दें कि ठेकेदार और उसके कर्मचारियों द्वारा व्यापारियों से दुर्व्यवहार की शिकायतें मिलने के बाद मेयर दीपक बाली ने तहबाजारी का ठेगा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। अब नगर निगम अपने कर्मचारियों द्वारा ही तहबाजारी वसूल करेगा।
वहीं, कुछ जगहों पर वेंडिंग जोन के विरोध के सवाल पर मेयर दीपक बाली ने कहा कि कि 5-7 लोगों के निजी हितों के लिए हजारों लोगों के पेट पर लात नहीं मारी जायेगी। उन्होंने कहा कि वेंडिंग जोन का विरोध वह लोग कर रहे हैं जो उस जगह पर अपनी गाड़ी खड़ी करते हैं, जिन्होंने अपने सबमर्सिबल उस जगह लगा रखे हैं।
उधर, मेयर दीपक बाली ने बताया कि कूड़ा संग्रहण प्रणाली को और मजबूत करने के लिए अब हर घर-दुकान पर निःशुल्क आरएफआईडी टैग लगाये जायेंगे। इसके जरिये नगर निगम प्रशासन को कंट्रोल रूम में बैठ कर ही पता चल जायेगा कि कूड़ा गाड़ी मौके पर पहुंची है या नहीं, अपने समय पर पहुंची है या नहीं।
उन्होंने कहा कि शहर की जनता आरएफआईडी टैग लगवाने को लेकर अपने मन में कोई भ्रम न पाले। यह पूरी तरह निःशुल्क है और इसका उद्देश्य हाउस टैक्स या अन्य जानकारियां हासिल करना नहीं है।
इस दौरान एमएनए रविन्द्र सिंह बिष्ट, कार्यालयाधीक्षक विकास शर्मा मौजूद थे।



