नारी शक्ति सम्मान समारोह में बोले धामी- मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार प्रतिबद्ध
कालाढूंगी (महानाद) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार, 15 नवंबर 2026 को कालाढूंगी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण, मिनी स्टेडियम का निर्माण और सड़कों का चौड़ीकरण सहित कई विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मातृशक्ति का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि महिलाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। यह समारोह केवल सम्मान देने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के संघर्ष, साहस, परिश्रम और उनकी उपलब्धियों को नमन करने का अवसर है।
उन्होंने संस्कृत के श्लोक ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। नारी का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसे समान अवसर, निर्णय लेने की स्वतंत्रता और अपनी प्रतिभा दिखाने का अधिकार मिले। जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण, उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन, जन-धन योजना से बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ाव, आयुष्मान भारत से स्वास्थ्य सुरक्षा और प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं को स्वामित्व का अधिकार देकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया गया है।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान महिला भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं ड्रोन दीदी बनकर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं, सेना में देश की सुरक्षा कर रही हैं, स्टार्टअप चला रही हैं और ग्राम पंचायतों का नेतृत्व कर रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी देश की बेटियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्तराखंड में 3.50 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। इन समूहों को मजबूत करने के लिए आठ हजार से अधिक ग्राम संगठन और 600 से ज्यादा क्लस्टर स्तरीय संघ काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के लखपति दीदी अभियान को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड में अब तक लगभग 3.50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी गई है।
उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से लगभग 5,500 महिलाएं सीधे जुड़ी हैं और इस ब्रांड के माध्यम से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। इसके अलावा प्रदेश में 12 हजार से अधिक महिलाएं बैंकिंग, कृषि, पशुपालन और डिजिटल भुगतान जैसी सामुदायिक सेवाओं से जुड़ी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं पास करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि एक दिसंबर को 5.20 लाख महिलाओं के खातों में दो किस्तों में धनराशि भेजी जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा और अंकिता भंडारी मामले पर भी बोले धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ उनकी सुरक्षा और सम्मान भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने इसे महिलाओं के समान नागरिक अधिकारों और कानूनी संरक्षण को मजबूत करने वाला कदम बताया।
अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके परिवार का दुख पूरे प्रदेश का दुख है। उन्होंने कहा कि इस मामले में न्यायालय तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है और उच्च न्यायालय ने उनकी जमानत याचिकाएं भी खारिज की हैं।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए उसकी मांग पर राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है। सरकार का रुख स्पष्ट है कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
कालाढूंगी को मिलीं छह बड़ी विकास योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ क्षेत्र का समग्र विकास भी सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
-
कालाढूंगी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे।
-
ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा।
-
कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
-
गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
-
कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
-
पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व पार्क में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन घोषणाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए उनकी सरकार पूरी निष्ठा से काम करती रहेगी। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण रहेगा।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम में खेल, शिक्षा, स्वरोजगार, कृषि, उद्यान, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
खेल क्षेत्र में संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक, निकिता सिंह, मोनी रावत, चंपा नैनवाल, गीतांजलि, हिना बिष्ट, नमिता, भार्गवी रावत, डौली बिष्ट और भूमिका जयंतवाल को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अलावा लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादन के लिए पदमा बोहरा, शिक्षा के क्षेत्र में ममता गुप्ता, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से कंचन भंडारी, एंपण कला के लिए मंजू रौतेला और कृषि क्षेत्र में सावित्री गर्जोला को सम्मानित किया गया।
वन विभाग की ओर से शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा और रूपा को भी सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, एशियाई मास्टर तैराकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संतोषी गुरुरानी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, भावना आर्य, मनीषा जंतवाल, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



