विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : मौ. खालसा निवासी एक व्यक्ति ने काजीबाग मस्जिद कमेटी के सदस्यों सहित 3 लोगों पर उसके घर का ताला काटकर अवैध रूप से घुसने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
322, खालसा स्ट्रीट, काशीपुर निवासी काशिफ अली पुत्र साजिद अली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके दादा स्वर्गीय सैय्यद सईद अली वर्ष 1962 में पाउंड कीपर पद से सेवानिवृत्ति के पश्चात से उक्त मकान 332, खालसा स्ट्रीट, काशीपुर (वक्फ बोर्ड ऑफ उत्तराखंड, काजीबाग मस्जिद कमेटी वक्फ नंबर 14) में निवास करते आ रहे हैं। उनकी अपने दादा की तीसरी पीढ़ी है और वर्तमान में परिवार सहित इसी मकान में निवासरत हैं।
काशिफ अली ने बताया कि वह पॉलिसी बाजार में कार्यरत हैं, जिस कारण कार्यवश उनका, परिवार सहित काशीपुर से रामनगर नियमित रूप से आना-जाना लगा रहता है। उनका अपने मकान मालिक ‘काजीबाग मस्जिद कमेटी’ के साथ इसी मकान को लेकर वर्ष 2022 से वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट, हल्द्वानी, नैनीताल (उत्तराखंड) में वाद संख्या 18/2022 विचाराधीन है, जिसमें न्यायालय द्वारा उनके पक्ष में स्थगन आदेश पारित है।
काशिफ अली ने बताया कि इसी कारण विपक्षी अली अनवर से उनकी पूर्व से आपसी रंजिश चली आ रही है। उक्त रंजिश और न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद, दिनांक 01 अगस्त 2026 को रात्रि लगभग 9ः40 बजे एक सुनियोजित आपराधिक घटना को अंजाम दिया गया। उस समय उन्हें शाकिर खान द्वारा फोन कर अवगत कराया गया कि अली अनवर एवं कुछ अन्य व्यक्ति उनके घर का ताला ग्राइंडर से काट रहे हैं, जिससे कोई बड़ी आपराधिक घटना घटित हो सकती है।
काशिफ अली ने बताया कि सूचना मिलते ही वह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्वयं देखा कि विपक्षी अली अनवर (मस्जिद कमेटी सेक्रेटरी) ग्राइंडर से घर का ताला काट रहा था तथा उसके साथ दो अन्य विपक्षी मौहम्मद उस्मान पुत्र मौहम्मद उमर (निवासी काजीबाग, काशीपुर, मस्जिद सदस्य) व आलमगीर पुत्र अब्दुल रशीद (निवासी अल्ली खां, काशीपुर) भी मौजूद थे। विरोध करने पर तीनों ने उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
काशिफ अली ने बताया कि विपक्षियों का उद्देश्य उन्हें अवैध रूप से बेदखल कर घर में जबरन घुसना तथा बड़ी आपराधिक घटना घटित करना
था, जिससे मौहल्ले की शांति व्यवस्था भी भंग हुई। घटना को कई लोगों ने देखा है। उन्होंने तीनों लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
काशिफ अली की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 324(2), 332(सी), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एएसआई प्रकाश सिंह बोरा के हवाले की है।



