spot_img
spot_img
Friday, February 20, 2026
spot_img

हर गांव और हर शहर में पहुंचेगा प्रियंका गांधी के संघर्षों की तस्वीरें पेश करता कैलेंडर

लखनऊ (महानाद) : नए साल पर कांग्रेस कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश के हर गांव और हर शहर तक प्रियंका गांधी द्वारा भेजे गए कैलेंडर पहुंचाने में जुटे हैं। बता दें कि यूपी में कांग्रेस पार्टी फिलहाल अपने संगठन सृजन अभियान में व्यस्त है। प्रदेश में न्याय पंचायत के अध्यक्षों और ब्लाक कांग्रेस कमेटी के गठन का काम बहुत तेजी से चल रहा है। कांग्रेस के पदाधिकारी 3 जनवरी से अपने प्रभार वाले जिलों में प्रवास पर हैं।

सूत्रों के मुताबिक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने 10 लाख कैलेंडर यूपी में भेजे हैं। नव वर्ष के कैलेंडर को हर गांव और शहरों के हर वार्ड तक वितरित करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया है। हर जिले और शहर कमेटी के लिए उसके आबादी के लिहाज से कैलेंडर दिए जा रहे हैं।

कैलेंडर में प्रियंका के जनसंपर्क और संघर्षों की तस्वीरें-
कैलेंडर में यूपी की प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के जनसंपर्कों और संघर्षों की तस्वीरें हैं। 12 पेज के इस कैलेंडर में पहले पेज पर सोनभद्र के उभ्भा जनसंहार के बाद अपनी संवेदना व्यक्त करने सोनभद्र पहुंची प्रियंका गांधी की तस्वीर आदिवासी महिलाओं के साथ छपी है। कैलेंडर में हाथरस में पीड़िता के मां से गले लगते महासचिव प्रियंका गांधी की तस्वीर छपी है। हाथरस जाते हुए रास्ते में पुलिसिया लाठीचार्ज से कार्यकर्ताओं को बचाते हुए भी महासचिव की तस्वीर इस कैलेंडर में है। सीएए-एनआरसी के खिलाफ लगातार सड़कों पर संघर्ष करती रही प्रियंका की एक तस्वीर आजमगढ़ जिले की भी है। जिसमें वे पीड़ित परिवार की एक बच्ची के आंसू पोंछ रही हैं।

कैलेंडर में इसके साथ अमेठी, रायबरेली, हरियाणा, झारखंड सहित यूपी में प्रियंका गांधी द्वारा किये गए जन संपर्कों की तस्वीरें बहुत करीने से छापी गई हैं।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles