रुद्रपुर (महानाद) : एसएसपी उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने आगामी त्यौहारों को देखते हुए सुदृढ़ यातायात व्यवस्था हेतु अपने अधीनस्थों को 24 अगस्त से 24 सितंबर तक विशेष यातायात अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक थाना-चौकी क्षेत्र में सघन चेकिंग कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जहां अवैध रेट्रो साइलेंसर पर कार्रवाई की जायेगी वहीं नाबालिग चालकों पर भी शिकंजा कसा जायेगा।
प्रमुख बिंदु –
1. अवैध रेट्रो साइलेंसर पर कार्रवाई – ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों से साइलेंसर हटवाकर चालकों पर सख्त कार्रवाई।
2. नाबालिग चालकों पर शिकंजा – नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर उनके अभिभावकों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई और काउंसलिंग।
3. वाहनों में काली फिल्म पर रोक – सड़क दृश्यता कम करने और आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली काली फिल्म हटवाकर कानूनी कार्यवाही।
4. सड़क सुरक्षा उल्लंघनों पर नजर – बिना हेलमेट/सीट बेल्ट, तेज गति, रेड लाइट जंप, नशे में ड्राइविंग, ओवरलोडिंग व गलत नंबर प्लेट पर कार्रवाई।
5. जन-जागरूकता अभियान – स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर यातायात नियमों के पालन के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम।
6. सड़क पर नेक काम करने वालों को सम्मान – दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले ळववक ैंउंतपजंदे को पुलिस द्वारा प्रोत्साहित किया जाएगा।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने अपने कार्यालय में आयोजित यातायात समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक (यातायात) निहारिका तोमर, सीओ सिटी प्रशांत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। अभियान की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा की जाए। सड़क सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए।



