नैनीताल/बेतालघाट (महानाद) : एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा की रणनीति पर काम करते हुए बेतालघाट पुलिस ने फायरिंग गैंग को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू को उसके 2 साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब तक फायरिंग के 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि दिनांक 14.08.2025 को बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव की वोटिंग के दौरान, एक प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा प्रतिद्वंदी समर्थकों पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर सशस्त्र विद्रोह किया गया था, जिसमें महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वादी की तहरीर पर थाना बेतालघाट में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मुख्य फरार अपराधी सहित सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष बेतालघाट अनीश अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए अथक प्रयास किए गए। इसके परिणामस्वरूप आज दिनांक 20.08.2025 को फायरिंग के मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू सहित 3 अपराधियों को जिला लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) स्थित भीरा कस्बे में पंजाब मेडिकल स्टोर के पास घेराबंदी कर घटना में प्रयुक्त 1 अदद देशी पिस्टल 32 बोर मय 3 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम ने एक संदिग्ध थार का पीछा किया। मौके पर आरोपी गुरमीत मेडिकल स्टोर पर दवा लेने उतरा, तभी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तगण-
1. अमृतपाल उर्फ पन्नू (30 वर्ष) पुत्र मिन्दर सिंह, निवासी ग्राम रोशनपुर, गूलरभोज (मुख्य आरोपी)
2. गुरमीत सिंह उर्फ पारस (28 वर्ष) पुत्र मनजीत सिंह, निवासी ग्राम बेरिया दौलत, केलाखेड़ा
3. प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर (32 वर्ष) पुत्र तेजा सिंह, निवासी मुंडिया कला, बहादुरगंज, बाजपुर, हाल निवासी पीरूमदारा
उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में पूर्व में 14.08.2025 को ही 6 अभियुक्त गिरफ्तार कर 2 वाहन सीज किए जा चुके हैं।
आपराधिक इतिहास-
1- अमृतपाल उर्फ पन्नू (मुख्य आरोपी) के विरुद्ध कोतवाली रामनगर में हत्या के प्रयास में अभियोग पंजीकृत है।
2- प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर के विरुद्ध थाना रामनगर में 02 अभियोग मारपीट व धोखाधड़ी के पंजीकृत हैं। शेष आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बेतालघाट अनीश अहमद, एसआई फिरोज, साईबर, हे.कां. मंजीत, कां. संदीप सिंह तथा संदीप दोसाद शामिल थे।
एसएसपी मीणा ने अपराधियों को सख्त संदेश देते हुए कहा है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, शांति भंग करने या असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध कड़ी व सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।



