विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : काशीपुर बार एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट यशवंत सिंह चौहान के खिलाफ एक वकील द्वारा कोतवाली आईटीआई में दर्ज कराई गई एफआईआर से गुस्साए वकीलों ने आज कार्य बहिष्कार का एलान कर दिया। बार एसोसिएशन ने इस मुकदमे को झूठे तथ्यों पर आधारित और अधिवक्ता समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए इसके विरोध में आम सभा बुलाने तथा न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।
वहीं, बाजपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार पाण्डेय एवं सचिव योगेश पाठक ने भी उक्त एफआईआर पर कड़ा विरोध जताते हुए बाजपुर में कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया।
आपको बता दें कि बार एसोसिएशन द्वारा जारी प्रस्ताव के अनुसार, सचिव यशवंत चौहान के विरुद्ध दर्ज कराए गए मुकदमे को लेकर अधिवक्ताओं में गहरी नाराजगी है। एसोसिएशन का कहना है कि मामले में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है, जिसके चलते पूरे अधिवक्ता समाज में रोष है। इसी विषय पर विस्तृत चर्चा, विचार-विमर्श और आगे की रणनीति तय करने के लिए 1 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे बार भवन, काशीपुर में आम सभा आयोजित की गई। जिसमें निर्णय लिया गया कि विरोध स्वरूप सभी अधिवक्ता न्यायालयों में न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे तथा रजिस्ट्री कार्यालय में भी कोई कार्य नहीं करेंगे।
बार एसोसिएशन ने सभी अधिवक्ताओं से एकजुट होकर आम सभा में उपस्थित होने और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने की अपील की है। बार एसोसिएशन ने न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों से भी अनुरोध किया है कि न्यायहित को ध्यान में रखते हुए किसी भी अधिवक्ता या पक्षकार के विरुद्ध कोई प्रतिकूल कार्रवाई या वारंट जारी न किया जाए तथा निष्पक्ष वातावरण बनाए रखने में सहयोग प्रदान किया जाए।
बार पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ता समाज हमेशा कानून और न्याय व्यवस्था के सम्मान में कार्य करता आया है। ऐसे में यदि किसी अधिवक्ता के विरुद्ध झूठे तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाती है तो यह पूरे अधिवक्ता समाज की गरिमा का प्रश्न बन जाता है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में निष्पक्ष जांच, सत्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई और न्याय सुनिश्चित किए जाने की मांग करती है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित विचार नहीं किया गया तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
क्या है मामला?
आपको बता दें कि मौहल्ला दिल्ला सिंह, जसपुर निवासी हरगोविन्द सिंह (एडवोकेट) पुत्र तेजबहादुर सिंह ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके भाई धमेन्द्र एडवोकेट को पूर्व कार्यकारिणी काशीपुर बार एसोसिएशन काशीपुर ने दिनांक 16.12.2025 को चैम्बर दिया था। उनके भाई धर्मेन्द्र एडवोकेट के चैम्बर के चारो ओर लगी लोहे की नाली को सचिव यशवंत चौहान एडवोकेट के कहने पर दिनांक 28.06.2026 सुबह 9ः00 बजे दिन रविवार को राजेश कुमार गौतम एडवोकेट व केदार एडवोकेट चोरी कर ले गये।
हरगोविन्द सिंह ने बताया कि उनके भाई धर्मेन्द्र एडवोकेट ने एक रिट दिनांक 15.07.2025 ग्राम गांगूवाला, जसपुर के चकमार्ग खसरा सं.-84, 67 आदि पर अतिक्रमण कमल चौहान एडवोकेट पुत्र स्व. उदयवीर सिंह के विरुद्ध कर दी, जो कि वर्तमान मे हाईकोर्ट नैनीताल में विचाराधीन है। प्रदीप चौहान एडवोकेट का जूनियर केदार एडवोकेट, कमल चौहान एडवोकेट है तथा यशवंत चौहान एडवोकेट का जूनियर राजेश कुमार गौतम है। कमल चौहान एडवोकेट का रिश्तेदार यशवंत चौहान एडवोकेट है। इसी वजह से यशवंत चौहान एडवोकेट उन्हें व उनके भाई धर्मेन्द्र एडवोकेट से रंजिश रख कर झूठे केसो में फंसा रहे हैं।
हरगोविन्द सिंह ने बताया कि दिनांक 01.07.2026 को धर्मेन्द्र एडवोकेट अपने पुत्र के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उपजिलाधिकारी से आदेश कराने आया था, तभी दिनांक 01.07. 2026 को समय 4ः32 शाम को यशवंत चौहान एडवोकेट अपने अन्य अधिवक्ताओं के सथ धर्मेन्द्र को गन्दी गन्दी गाली देकर जाति सूचक शब्द बोलकर धमकी दे रहे थे कि तू हमारे कार्यकारिणी सदस्य केदार एडवोकेट व रिश्तेदार कमल चौहान एडवोकेट के विरुद्ध बहुत रिपोर्ट करता है आज तुझको मार कर बताते हैं। ।
हरगोविन्द सिंह ने बताया कि वह एसडीएम कोर्ट से आकर अपने चैम्बर पर बैठे थे, तभी अचानक जान से मारने की नीयत / आशय से यशवन्त चौहान एडवोकेट, अंकित त्यागी एडवोकेट आदि एडवोकेट के साथ हमला कर उन्हें जाति सूचक शब्द बोलकर गन्दी गन्दी गालियां देकर उनकी मोटर साईकिल की चाबी छीन ली और हेलमेट भी छीन लिया और एक राय होकर उन्हें जान से मारने की नीयत से मोटर साईकिल हेलमेट से उनके सिर पर व सारे शरीर पर मारने लगे। उन्होंने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
एडवोकेट हरगोविन्द सिंह की तहरीर के आधार पर उक्त लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई शंकर सिंह बिष्ट के हवाले की है।



