spot_img
spot_img
Thursday, March 19, 2026
spot_img

बड़ी कार्रवाई : आरटीई में बच्चों को एडमिशन न देने वाले स्कूल की मान्यता रद्द

देहरादून (महानाद) : शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीई (शिक्षा का अधिकार अधिनियम) के तहत बच्चों को प्रवेश देने से इंकार करने वाले एक निजी स्कूल की मान्यता रद्द कर दी है। अब स्कूल अगले साल मार्च महीने से बंद हो जाएगा। ऐसे में इस विद्यालय के लगभग 2000 छात्र शहर के 19 अलग-अलग विद्यालयों में पढ़ेंगे। इस संबंध में इन विद्यालयों ने शिक्षा विभाग को अपनी सहमति दे दी है। मंगलवार को एमकेपी इंटर कॉलेज में आयोजित बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी ने 22 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक की थी।

उप शिक्षा अधिकारी रायपुर पीएल भारती ने बताया विगत 12 जून को मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रदीप रावत की ओर से सन वैली स्कूल की मान्यता खत्म करने के आदेश दिए गए थे। जिसमें कहा गया था, स्कूल ने अल्पसंख्यक संस्थान बताते हुए आरटीई के तहत बच्चों को दाखिला देने से मना किया था। इस संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से कई बार स्कूल प्रबंधन को नोटिस दिए गए। लेकिन स्कूल की ओर से न तो खुद को अल्पसंख्यक संस्थान होने का प्रमाण पत्र दिया और न ही नियम मानते हुए आरटीई में गरीब बच्चों को दाखिले दिए। ऐसे में विद्यालय की ओर से आरटीई के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में विभाग की ओर से मान्यता रद्द कर दी गई है। जिसके चलते आगामी मार्च महीने से स्कूल बंद हो जाएगा।

इस स्कूल के लगभग 2000 छात्र-छात्राओं को प्रवेश देने के लिए आसपास के 19 विद्यालयों ने अपनी सहमति दे दी है। इसके अलावा विभाग अभिभावकों से भी राय लेकर अन्य विद्यालयों में भी सुविधायें बढ़ाने पर जोर देगा।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles