spot_img
spot_img
Thursday, April 16, 2026
spot_img

बड़ी खबर : फिर पकड़ा गया नकल माफिया हाकम सिंह, भर्ती परीक्षा के लिए ले रहा था 12-15 लाख

सुहानी अग्रवाल
देहरादून (महानाद) : नकल माफिया एक बार फिर से अपने साथी के साथ पुलिस की पकड़ में आ गया है। देहरादून पुलिस और एसटीएफ उत्तराखंड ने संयुक्त कार्रवाई कर नकल माफिया हाकम सिंह और उसके सहयोगी पंकज गौड़ को गिरफ्तार कर लिया। दोनोंअभियुक्त अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर 12-15 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।

आपको बता दें कि एसओजी प्रभारी निरीक्षक मुकेश त्यागी ने जांच कर एसएसपी देहरादून को बताया कि दिनांक 9.09.2025 को एक पृष्ठाकिंत प्रार्थना पत्र जो कि जांच के विषय में कि 21.09.2025 को उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा में पास कराने व नौकरी लगाने के नाम पर पैसे लेने का प्रयास किया जा रहा है, के सम्बन्ध में है।

मुकेश त्यागी ने बताया कि उक्त के सम्बन्ध में उनके द्वारा गोपनीय रुप से जांच की गयी व मुखबिर मामूर किये गये तथा एसटीएफ से समन्वय बनाकर सहायता ली गयी। जांच के क्रम में रोबिन प्रसाद पुत्र मोहन लाल निवासी गांव लादेन पोस्ट ओटगांव, जनपद उत्तरकाशी से पूछताछ की गयी तो प्रकाश में आया कि पकंज गौड़ पुत्र केशवानन्द गौड़ निवासी कंडारी गांव, तहसील बड़कोट, जिला उत्तरकाशी द्वारा अरुण पंवार, रोबिन नौटियाल, गुलशन, मोनिका डोभाल, काला से बातचीत हुई है, जिसमें इसके द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि हाकम सिंह मेरा परिचित है तथा उसके द्वारा पूर्ण रुप से आश्वस्त किया गया है कि 15 लाख रुपये देने पर उनके द्वारा उन्हें पास कर नौकरी लगवा दी जायेगी।

मुकेश त्यागी ने बताया कि इसी क्रम में पंकज गौड़ से पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि मेरी दिनांक 21.09.2025 को उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में परीक्षा है, जिस सम्बन्ध में मैंने हाकम सिंह से बात की तो हाकम सिंह ने मुझे बताया की मैं देखता हूं। अगर तुम्हारे जानने वाले कोई और हैं तो उनसे बात कर लो, जो होगा देखा जायेगा। लेकिन इस काम के प्रति व्यक्ति 12 लाख रुपये लगेंगे। फिर उसने अपने अन्य दोस्त अरुण पंवार, रोबिन नौटियाल, गुलशन, मोनिका डोभाल, काला से बात की और उन्हें बताया कि उसकी हाकम सिंह से बात हो गयी है, 15 लाख रुपये प्रति व्यक्ति देने होंगे और उनका चयन हो जायेगा। इसमें 3 लाख रुपये उसने अपनी तरफ से बढ़ाकर बताये ताकी उसका काम फ्री में हो जाये और उसे भी दो पैसे का फायदा हो जायेगा। पकंज ने बताया कि हाकम सिंह ने बताया था कि अभी पास कराने सम्बन्धी कोई जुगाड़ नहीं है, ना ही ऐसी कोई सम्भावना है, लेकिन कोई पैसे दे रहा है तो लेकर रख लो। उसने इसी आधार पर अपने जानने वालो से बात कर ली थी।

मुकेश त्यागी ने बताया कि इसके बाद हाकम सिंह पुत्र केदार सिंह ग्राम लिवाड़ी, पोस्ट बेताड़ी, थाना मोरी, जनपद उत्तरकाशी हाल निवासी 22 आमवाला तरला, रायपुर, देहरादून से पूछताछ की गयी तो हाकम सिंह ने बताया कि दिनांक 21.09.2025 को उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, चयन आयोग उत्तराखण्ड की परीक्षा है जिसके सम्बन्ध में उसकी पकंज गौड़ से बातचीत हुई थी तो उसने कहा था कि जो तुम्हारे जानने वाले हो उनसे 12 लाख रुपये प्रति व्यक्ति पास होने के संबंध में बात कर लो, जो होगा देखा जायेगा। लेकिन नकल कानून आने पर बहुत सख्ती हो गयी और परीक्षा का पैर्टन भी चेंज हो गया है इसलिये यह काम बहुत मुश्किल है। उसने इसलिये भी पैसे लेने के लिये कहा था कि कुछ अभ्यर्थी अपने आप से भी पास हो जाते हैं।

इसके बाद निरीक्षक मुकेश त्यागी ने एसएसपी देहरादून को उपलब्ध करायी गयी पैन ड्राइव को चला कर देखा गया तो पाया कि जिसमें दो व्यक्ति दिनांक 21.09.2025 को होने वाली उपरोक्त परीक्षा के सम्बन्ध में नकल करा कर पास कराने व नौकरी लगाने के सम्बन्ध में बातचीत कर रहे है, जिसमें एक पक्ष द्वारा 15 लाख रुपये की धनराशि के एवज में दूसरे पक्ष को इस परीक्षा में ओएमआर शीट को खाली छोड़ने व बाद में परीक्षा में सफलता दिलाये जाने सम्बन्धी वार्तालाप की जा रही है। जिसमें वार्तालाप किये जा रहे एक व्यक्ति में से एक हाकम सिंह का परिचित पंकज गौड़ है।

जांच के बाद हाकम सिंह व पकंज गौड़ के खिलाफ भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय अध्यादेश 2023 की धारा 12(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच एसपी प्रमोद के सुपुर्द की गई है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles