विकास अग्रवाल
रुद्रपुर (महानाद) : पुलिस ने निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा की स्कॉर्पियो गाड़ी में महिला वोटरों को लुभाने के लिए देने के लिए रखी साड़ियों को पकड़ लिया।
दिनांक 22-7-2025 को यातायात पुलिस के एएसआई नारायणदत्त जोशी एवं कां. यातायात नवीन नेगी एक साड़ियां लदी स्कॉर्पियों कार को चालक प्रदीप कुमार पुत्र शोभित कुमार निवासी नारायणपुर सुन्दर कालोनी लालपुर थाना किच्छा को लेकर थाने में पहुंचे और दिवसाधिकारी एसआई मोहन चन्द्र जोशी को बताया कि चैकिंग के दौरान उन्होंने डीडी चौक पर स्कॉर्पियो गाड़ी को चैक किया तो देखा कि गाड़ी के पीछे वाले शीशे पर प्रत्याशी ममता जल्होत्रा निर्वतमान ब्लॉक प्रमुख तथा विपिन जल्होत्रा पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य/सासंद सदस्य शिमला पिस्तौर/झकझौर फार्म क्षेत्र पंचायत सदस्य पद हेतु चुनाव चिन्ह अंगूठी लिखा था। उक्त वाहन में चालक प्रदीप कुमार बैठा था जिससे आचार संहिता उल्लंघन के दृष्टिगत वोटरों को प्रभावित करने के उद्देश्य से लाये जाने के शक में उक्त माल तथा वाहन के कागजात के बारे में पूछा गया।
चालक तो उसके द्वारा बताया गया कि उक्त वाहन निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख पति/ वर्तमान सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा का है। गाड़ी में साड़ियां व प्रचार सामग्री रखी है, जिसमें बीडीसी प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने के लिये वोटरों को बांटने के लिये बाजार से खरीदकर शिमला पिस्तौर की तरफ ले जा रहा था।
जब चालक प्रदीप कुमार से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मैं ब्लॉक प्रमुख पति विपिन जल्होत्रा का चालक हूं। वर्तमान में पंचायत चुनाव चल रहे हैं, जिसमें ब्लॉक प्रमुख पति/वर्तमान सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा की पत्नी ममता जल्होत्रा शिमला पिस्तौर/झकझौर फार्म से बीडीसी प्रत्याशी हैं। चूंकि अब वोटिंग एकदम नजदीक आ चुकी है। इसीलिये मैं बीडीसी प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने के लिये वोटरों को बांटने के लिये बाजार से खरीदकर ला रहा था, जिसको लेकर मै शिमला पिस्तौर की तरफ जा रहा था कि रोडवेज के पास मुझे ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ लिया।
गाड़ी की तलाशी लेने पर अलग-अलग डिब्बों में कुल 262 रंगीन साड़ियां पैक की हुई बरामद हुईं। इसके अलावा गाड़ी के आगे वाली सीट पर कुल 67 प्रचार सामग्री बरामद हुई। ब्लॉक प्रमुख पति विपिन जल्होत्रा द्वारा वर्तमान में चल रही त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव 2025 में अपनी पत्नी/प्रत्याशी ममता जल्होत्रा को विजयी बनाने हेतु वोटरों को अपनी पत्नी के पक्ष में वोट डालने के लिये लालच देने/रिझाने के उपहारस्वरुप उक्त साड़ियां बांटने के लिये ले जाना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। जिसकेे आधार पर पुलिस ने चालक प्रदीप कुमार एवं विपिन जल्होत्रा के खिलाफ बीएनएस की धारा 174, 223ए के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई प्रदीप कोहली के हवाले की है।



