spot_img
spot_img
Thursday, March 26, 2026
spot_img

ओडिशा में पहली बार बनी भाजपा सरकार, मोहन चरण माझी बने मुख्यमंत्री

भुवनेश्वर (महानाद) : ओडिशा में पहली बार भाजपा की सरकार बन गई है। क्योंझर से विधायक मोहन चरण माझी ने आज भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं केवी सिंह देव और प्रभाती परिदा ने राज्य के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसी के साथ ओडिशा में पहली बार एक सीएम, दो डिप्टी सीएम और 13 मंत्रियों की सरकार बन गई।

बता दें कि गणेश राम, संपंद स्वेन, प्रदीप बालासमंता, गोकुला नंद मलिक, सूर्यबंशी सुराज को मंत्री स्वतंत्र प्रभार की शपथ दिलाई गई। माझी मंत्रिमंडल में सुरेश पुजारी, रबिनारायण नाइक, नित्यानद गोंड, पृथ्वीराज हरिचंदन, कृष्ण चंद्र महापात्रा, मुकेश महालिंग, बिभूति भूषण जेना, कृष्ण चंद्र पात्रा भी मंत्री के रूप में शामिल किए गए हैं।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम भुवनेश्वर के जनता मैदान में आयोजित किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शामिल हुए।

बता दें कि मोहन चरण माझी के नाम का एलान 11 जून को हुई विधायक दल की बैठक में राजनाथ सिंह ने किया था। राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को ओडिशा में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद माझी ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी जाएंगे।

विदित हो कि 4 बार एक ही विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल करने वाले माझी पर इस बार भाजपा ने भरोसा जताया और उन्हें ओडिशा का 15वां मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। इस बार ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य में बीजू जनता दल के विजयरथ को रोककर बड़ी जीत दर्ज की। भाजपा ने 147 में से 78 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, बीजू जनता दल को केवल 51 सीटों पर जीत हासिल हुई है।

मोहन चरण माझी का जन्म 1972 में ओडिशा में हुआ था। उनके पिता का नाम गुनाराम माझी है। उनकी पत्नी का नाम डॉ. प्रियंका मरांडी है। उनके दो बेटे हैं। माझी ने अपना सियासी करियर एक सरपंच के रूप में शुरू किया था। उन्होंने यह जिम्मेदारी 1997 से 2000 के बीच संभाली। 1997 में उन्हें भाजपा ओडिशा आदिवासी मोर्चा के सचिव की जिम्मेदारी मिली। इसके अलावा माझी स्थानीय स्तर पर युबज्योति क्लब, रायकला के अध्यक्ष, बाबा धबलेश्वर महादेव मंदिर समिति, रायकला के सदस्य और भाजपा ओडिशा एसटी मोर्चा के महासचिव जैसे पदों पर भी रहे।

मोहन चरण माझाी की कुल संपत्ति 1.97 करोड़ रुपये है। वे पेशे से किसान और समाजसेवी हैं। उन्होंने 1993 में सीएस कॉलेज चंपुआ से बीए तथा 2011 में ढेंकनाल लॉ कॉलेज से एलएलबी किया है। यात्रा और खेल का शौक रखने वाले माझी रायकला, क्योंझर में राइजिंग स्टार क्लब के फुटबॉल खिलाड़ी रहे हैं।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles