spot_img
spot_img
Wednesday, February 11, 2026
spot_img

भाजपा सरकार आई तो होगी माफियाओं की विदाई : नरेंद्र मोदी

अबोहर (महानाद) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अबोहर की नई अनाज मंडी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरा पंजाब डबल इंजन की सरकार चाहता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आई तो माफियाओं की यहां से विदाई होगी। उन्होंने पंजाब के लोगों से पांच साल सेवा का मौका देने की अपील की। मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे क्षेत्र के लोगों से लड़ाती आई है। यहां कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया, उस पर दिल्ली का परिवार उनके साथ खड़े होकर तालियां बजा रहे थे, यह पूरे देश ने देखा है। अपने इन बयानों से ये लोग किसका अपमान कर रहे हैं। यहां का कोई ऐसा गांव नहीं होगा, जहां हमारे उत्तर प्रदेश या बिहार के भाई बहन मेहनत न करते हों।

मोदी ने कहा कि मैं पंजाब के अलग अलग क्षेत्रों में गया हूं। पूरे पंजाब में एक ही आवाज उठ रही है, भाजपा को जिताना है, एनडीए को जिताना है। उन्होंने लोगों से कहा कि आप देखिए, देश के इतने सारे राज्य हैं जहां कांग्रेस एक बार गई, फिर लौटकर नहीं आई और जहां भाजपा को आशीर्वाद मिल गया, वहां तो कांग्रेस जड़-मूल से साफ हो गई।

मोदी ने कहा कि पंजाब बहुत संभावनाओं से भरा पूरा है, लेकिन उद्योग धंधे यहां से पलयान कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण यहां जल्दी से कोई आने को तैयार नहीं है। इन परिस्थितियों को केवल डबल इंजन की सरकार ही बदल सकती है। पंजाब में आज हर व्यापार पर माफियाओं का कब्जा है। व्यापारियों को माफियाओं की कृपा पर जीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसकी सबसे बड़ी तकलीफ हमारे छोटे व्यापारियों को हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब की तकलीफ दूर हो, उसका जीवन आसान बने, ये हमारे लिए सर्वाेच्च प्राथमिकता का काम है। कोरोना काल में भाजपा सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है और मुफ्त वैक्सीन भी दे रही है। भाजपा की पारदर्शी सरकार आई तो पंजाब में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर होगा। न उद्योगों को पलायन करना पड़ेगा और न नौजवानों को अपना गांव, अपने दोस्त, अपने बूढ़े मां बाप, अपने खेत खलिहान छोड़कर पंजाब से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

मोदी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों के साथ विश्वासघात किया है। स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग लंबे समय से लंबित थी। वे उन फाइलों पर बैठे रहे लेकिन झूठ बोलते रहे। जब हमने केंद्र में अपनी सरकार बनाई, तो हमने उन सिफारिशों को लागू किया।

पीएम मोदी ने कहा कि संत रविदास का जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था। क्या आप उन्हें पंजाब के निकाल देंगे। गुरु गोबिंद सिंह का जन्म पटना साहिब में हुआ था। आप कहते हैं कि बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे। क्या आप गुरु गोबिंद सिंह जी का अपमान करोगे। संत रविदास जी ने समाज का बहुत कल्याण किया और उनका जन्म काशी में हुआ था। वो कहते हैं कि यूपी और बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे। पंजाब सीमावर्ती राज्य है, जिस पर नापाक नजरें बनी रहती हैं। भारत को जो लोग राष्ट्र ही नहीं मानते, उनके हाथ में सत्ता नहीं दी जा सकती।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles