spot_img
spot_img
Tuesday, August 4, 2026
spot_img

हरिद्वार में शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री धामी ने किया चरण प्रक्षालन…

 

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के आगमन पर हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने पांच शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया और श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन भी परोसा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कांवड़ यात्रियों के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए त्वरित उपचार, दवाइयों और अन्य आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, श्रीराम जन्मभूमि, केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान जैसी परियोजनाओं से देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता जैसी व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों से अनुशासन और धार्मिक परंपराओं का पालन करने की अपील भी की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सभी कर्मयोगियों के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक है, जो सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में दिन-रात जुटे हुए हैं।

इस अवसर पर संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles