विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : अब काशीपुर में नगर निगम की ओर से स्वच्छ काशीपुर अभियान चलाया जायेगा। इसके अंतर्गत अब काशीपुर में आधुनिक मशीनों द्वारा सफाई की जायेगी।
आपको बता दें कि मेयर दीपक बाली ने आज नगर निगम सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि काशीपुर ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में देश के 40 शहरों में 18वाँ स्थान प्राप्त किया है, जो नगर निगम और शहरवासियों की संयुक्त कोशिशों का परिणाम है। उन्होंने इसके लिए नगर की जागरूक जनता और नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों को साधुवाद दिया।
मेयर बाली ने कहा कि यह हमारी मंजिल नहीं बल्कि शुरुआत है और हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में काशीपुर को भारत के शीर्ष स्वच्छ वायु शहरों में शामिल किया जाए और हमारा स्थान देश में 10वे नंबर पर हो। उन्होंने बताया कि हमारे सामने अभी भी कुछ चुनौतियाँ हैं, जिनमें पुराने कचरे के ढेर और डंपिंग स्थलों से होने वाला प्रदूषण, सड़कों पर उड़ती धूल, हरियाली की कमी और खुले में कचरा जलाने की समस्या शामिल है।
मेयर ने कहा कि उक्त चुनौतियों से निपटने के लिए अगले वित्तीय वर्ष में करोड़ों रुपये की योजनाएँ लागू की जाएँगी। इनमें पुराने कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण (1.4 करोड़), ठोस कचरा प्रबंधन केंद्र की स्थापना (18 करोड़), सड़कों का पेवमेंट (5.32 करोड़), ईवी रोड सफाई मशीनों से मुख्य मार्गों की नियमित सफाई, कच्ची सड़कों को पक्का करने का कार्य, पार्कों और चौक-चौराहों पर पौधरोपण (1.4 करोड़), मृत पशुओं के लिए वैज्ञानिक श्मशान का निर्माण तथा विद्यालयों और बाजारों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अभियान शामिल हैं।
मेयर ने कहा कि काशीपुर क्षेत्र को गड्ढा मुक्त करने के लिए सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है और शीघ्र ही सभी सड़के बनकर तैयार हो जाएंगी। 80 प्रतिशत सड़कें बन चुकी हैं, उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा खुले में न जलाएँ, सड़कों पर गंदगी न फैलाएँ और वृक्षारोपण में भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि आपका सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, आइए मिलकर यह संकल्प लें कि हम अपने बच्चों को एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ काशीपुर दें।
मेयर बाली ने बताया कि हाईवे की सड़कों की सफाई के लिए एक आधुनिक मशीन खरीदी जा रही है जिससे सड़क की सफाई ऑटोमेटिक तरीके से होगी तथा उक्त मशीन पानी का छिड़काव भी करेगी। तीन महीने के अंदर ऐसी और मशीनें खरीदी जायेंगी।
मेयर ने कहा कि शहर को साफ स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए जो योजनाएं हैं, वह नगर निगम की नहीं बल्कि नगर की देवतुल्य जनता की योजनाएं हैं, क्योंकि नगर निगम योजनाएं तो बना सकता है मगर उन्हें क्रियान्वित करने में जनता का सहयोग बहुत आवश्यक है। नगर निगम का नारा हैकृ ‘स्वच्छ काशीपुर, स्वस्थ काशीपुर।’
वहीं, 2 प्रतिशत दाखिल खारिज के बारे पूछे गये सवाल पर मेयर बाली ने बताया कि 2 प्रतिशत दाखिल खारिज शुल्क समाप्ति का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। उस प्रस्ताव पर शासन की मोहर लगने तक 2 प्रतिशत शुल्क के बदले एक एफिडेविट देकर अपने मकान/दुकान आदि का दाखिल खारिज करवाया जा सकता है।
शहर में यमदूत बन कर घूम रहे खनन भरे डंपर के बारे में मेयर दीपक बाली ने बताया कि शीघ्र ही योजना बनाकर डंपरों को शहर में अंदर आने से रोका जायेगा।
वहीं, महानाद सम्पादक विकास अग्रवाल ने मेयर से बिना नंबर प्लेट लगी कूड़ा वाहनों के बारे में पूछे गये सवाल पर मेयर ने कहा कि वे इसका संज्ञान लेकर वाहनों के कागजों व नंबर प्लेटों की जांच करवायेंगे।



