काशीपुर (महानाद) : चुनावी रंजिश के कारण कुछ लोगों ने एक यवुक व उसे बचाने आये लोगों के साथ मारपीट कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
गंगापुर गौसाई, कुण्डेश्वरी, काशीपुर निवासी जशनदीप सिंह पुत्र सलखन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 30.07.2025 की रात्रि के लगभग 9 बजे से 9ः30 बजे वह ग्राम प्रधान रामनगर, काशीपुर राजेश यादव के घर से वापिस आ रहा था। तभी तरसेम सिंह के घर के पास, ब्रेकर के पास उसने अपनी कार हल्की की, तभी तरसेम सिंह पुत्र जरनैल सिंह, विपुल चौधरी पुत्र कटार सिंह, भुपेन्द्र सिंह पुत्र अमर सिंह ने उसकी कार को रोक लिया और उसे मां-बहन की गन्दी गन्दी गालियां देने लगे।
जशनदीप ने बताया कि जब उसने गाली देने का विरोध किया तो उक्त लोग कहने लगे कि चुनाव में तू हमारा विरोध कर रहा था। आज हम तुझे बताते हैं, इतना कहते ही विपुल, तरसेम और भूपेन्द्र ने डंडे से कार के शीशे तोड़ने शुरु कर दिये। जैसे ही वह कार से बाहर निकल कर आया तो वहां पर हरजोत सिंह पुत्र तरसेम सिंह, शानू पुत्र चन्द्रपाल, आकाश पुत्र शम्भू, विशाल पुत्र गजराम, निखिल पुत्र गजराम, विकास पुत्र गजराम, अजय पुत्र रामप्रसाद, शिवम पुत्र वीरपाल, प्रियांशु पुत्र महावीर, हर्ष, सिमरनजीत सिंह पुत्र अजमेर सिंह, अमन पुत्र वीरपाल, अंकित पुत्र राकेश, रवि पुत्र बाबूराम, अचिन पुत्र गजेन्द्र, रोहन पुत्र राम कमार ने एक राय होकर उसे घेर लिया और कहने लगे कि आज इसे जान से मार देते हैं।
जशनदीप ने बताया कि विपुल ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर डंडे से वार किया और अन्य सभी लोगो ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरु कर दी। यह सभी लोग उसे मां-बहन की गन्दी गन्दी गालियां भी दे रहे थे। तभी उसका शोर सुनकर वहां से गुजर रहे उसके जानने वाले राम प्रसाद मुखर्जी, विमल, संदीप मुखर्जी, गणेश मुखर्जी ने इन लोगों से उसे बचाने का प्रयास किया तब यह उक्त लोग उनसे भी कहने लगे कि तुम भी हमारे चुनाव में विपक्षी रहे हो। इन लोगों को भी आज जान से मार देते हैं। तभी सभी लोगों ने एक राय होकर राम प्रसाद मुखर्जी, विमल, संदीप मुखर्जी, गणेश मुखर्जी, के ऊपर भी हमला बोल दिया।
जशनदीप ने बताया कि इतने में सुमित भी वहां आया तो उसने भी बचाने का प्रयास किया तो ये लोग सुमित से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर कहने लगे हम तुझे भी जान से मार देंगे और सुमित के साथ भी मारपीट करने लगे। इतने में भूपेन्द्र ने अपनी अंटी से तमन्चा निकालकर उसके ऊपर जान से मारने की नीयत से फायर किया जिससे वह बाल-बाल बच गया। वहां पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई और किसी ने पुलिस को फोन करने की बात कही तो यह लोग उसे व अन्य लोगों को आगे मिलने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गये।
जशनदीप ने बताया कि इस मारपीट में उसे व राम प्रसाद मुखर्जी, विमल, संदीप मुखर्जी, गणेश मुखर्जी को गम्भीर चोट आई थी। सबको सरकारी अस्पताल, काशीपुर ले जाया गया जिसमें राम प्रसाद मुखर्जी, विमल, संदीप और गणेश की गम्भीर चोटों के कारण सरकारी अस्पताल काशीपुर से सुशीला तिवारी हल्द्वानी के लिये रेफर कर दिया गया।
जशनदीप की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उपरोक्त 18 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 117(2), 126(2), 190, 191(2), 191(3), 3(5), 324(4), 351(2), 352, 3(1)(द) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सीओ दीपक सिंह कर रहे हैं।



