सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : कोसी नदी में खनन सत्र के दौरान अवैधानिक रूप से संचालित किए जा रहे 10 टायरा ट्रकों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के नेतृत्व में प्रभागीय वनाधिकारी, तराई पश्चिमी वन प्रभाग के कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीएफओ को ज्ञापन सौंपकर कोसी नदी में खनन के दौरान 10 टायरा ट्रकों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि निर्धारित नियमों के विपरीत भारी वाहनों के संचालन से नदी क्षेत्र, पर्यावरण एवं सड़क व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने कहा कि कोसी नदी में खनन कार्य नियमों के अनुरूप और निर्धारित मानकों के तहत होना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की कि खनन सत्र के दौरान अवैधानिक 10 टायरा ट्रकों के संचालन पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इस मुद्दे पर पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी।



