विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद): हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भारत रत्न गोविंद बल्लभ पंत की जयंती धूमधाम से मनाई गई। भारी संख्या में उपस्थित गणमान्यों ने पंत जी को पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं मेयर दीपक बाली के जिंदाबाद के नारे लगने से एक कांग्रेस नेता असहज हो गये।
बता दें कि भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती पं. गोविंद बल्लभ पंत स्मारक समिति के तत्वावधान में स्टेशन रोड स्थित पंत पार्क में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अत्यंत धूमधाम से मनाई गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उनके जीवनवृत्त पर प्रकाश डाला।
इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जस्टिस राजेश टंडन ने स्वर्गीय पंत जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए अपने संबोधन में कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत भारत के दूसरे गृह मंत्री तथा उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रहे थे, वह एक कुशल स्वतंत्रता सेनानी भी थे। भारतीय संविधान में हिन्दी भाषा को राष्ट्रभाषा का दर्जा दिलाने और जमींदारी प्रथा को खत्म कराने में उन्होने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने हिंदू संहिता विधेयक पारित कराया और हिंदू पुरुषों के लिए एकपत्नीत्व अनिवार्य बना दिया था। उन्होंने हिंदू महिलाओं को तलाक और वंशानुगत संपत्ति के उत्तराधिकार के अधिकार दिए थे।

उन्होंने बताया कि भारत रत्न का सम्मान उनके ही गृह मन्त्रित्व काल में शुरू किया गया था, यही सम्मान उन्हें सन 1947 में उनके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारत के गृह मंत्री के रूप में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति राजेन्द्र प्रसाद द्वारा प्रदान किया गया था। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
आपको बता दें कि जैसे ही मेयर दीपक बाली पंत पार्क में पहुंचे, दीपक बाली जिंदाबाद के नारे लगने लगे। जिस पर एक कांग्रेस नेता असहज हो गये और नारे लगाने वाले को कहने लगे ‘व्यक्तिगत नहीं, व्यक्तिगत नहीं’।
वहीं, मेयर दीपक बाली ने भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत स्मारक समिति द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानी, देश के पूर्व गृहमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनकी स्मृति में वृक्षारोपण किया।
इस दौरान मेयर बाली ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत देश के महान नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने अपनी त्याग और तपस्या से इस देश को न सिर्फ आजाद कराया बल्कि आजादी के बाद देश के नवनिर्माण में भी जो भूमिका निभाई वह हमेशा याद रहेगी। हमारा सौभाग्य है कि काशीपुर पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की कर्मभूमि रही है। हम उन महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को शत-शत नमन करते हैं और उनके आदर्श और राष्ट्रहित सर्वाेपरि की उनकी सोच पर चलने का संकल्प लेते हैं।

कार्यक्रम के दौरान गोविंद बल्लभ पंत समिति एवं लायन्स क्लब काशीपुर ग्रेटर द्वारा भारत रत्न गोविंद बल्लभ पंत जी की 138वीं जयंती पर पंत पार्क में विभिन्न प्रकार की प्रजाति के 138 पौधों का रोपण किा गया एवं लायंस क्लब ग्रेटर के द्वारा निःशुल्क ब्लड डोनेट कैंप एवं शुगर की निःशुल्क जांच का कैंप राजकीय चिकित्सालय के डॉक्टरों के द्वारा लगाया गया, जिसमें लगभग 28 लोगों ने ब्लड डोनेट किया एवं ज्यादा से ज्यादा लोगों ने शुगर की जांच कराई। लायंस क्लब काशीपुर ग्रेटर अध्यक्ष गौतम मेहरोत्रा ने लोगों से अपील की कि निःशुल्क ब्लड देकर इंसानियत का फर्ज अदा करें।
इस दौरान समिति के संयोजक दिलीप मेहरोत्रा, सह संयोजक एमएस रावत, महामंत्री गौतम मेहरोत्रा, अनुपम शर्मा, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदौला, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा, पूर्व पालिका अध्यक्ष शमसुद्दीन, आशीष गुप्ता, ईश्वर चंद्र गुप्ता, विमल गुड़िया, अरुण चौहान, उमेश जोशी एडवोकेट, शफीक अहमद अंसारी, अपूर्व मेहरोत्रा, अलका पाल, संतोष मेहरोत्रा, इन्दुमान, राजू छीना, डॉ.एमए राहुल, डॉ. ईला मेहरोत्रा, अनुराग सोलंकी, राजकुमार सेठी, फिरोज हुसैन, विकल्प गुड़िया, एएस रावत, मनोज अग्रवाल, लता शर्मा, विजेंद्र चौधरी, मनोज जोशी एडवोकेट, स्वतंत्र मेहरोत्रा, मुदित अग्रवाल, शाह आलम, अर्पित मेहरोत्रा, सुरेंद्र जीना, त्रिलोक सिंह अधिकारी, मुशर्रफ हुसैन, विवेक पैगिया, रूपेश अग्रवाल, अमित गर्ग, विपिन तोमर, धीरज अग्रवाल, राकेश भगत, डॉ. गिरीश तिवारी, वेद प्रकाश विद्यार्थी, सादिक मेंबर, मुदित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।



