विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : 5 दिन के दौरे पर पहुंचे राज्य सभा सांसद एवं संगठन सृजन अभियान प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल का दौरा 3 दिन में ही खत्म हो गया और वे आज काशीपुर से विदा हो गये।
आपको बता दें कि इन दिनों कांग्रेस पार्टी का संगठन सृजन अभियान चल रहा है। जिसमें संगठन सृजन अभियान प्रभारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर महानगर अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष आदि पदों का दोबारा से सृजन करेंगे। इस हेतु काशीपुर के लिए कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं संगठन सृजन अभियान प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल अपने 5 दिनी दौरे पर यहां काशीपुर पहुंचे थे। जिन्होंने पिछले 3 दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनकी राय जानी और आज 2 दिन पहले ही अपने अभियान को विश्राम देकर दिल्ली के लिए रवाना हो गये।
जब इस बारे में काशीपुर महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने 5 दिन के कार्य को 3 दिन में ही समाप्त कर लिया इसलिए वे आज दिल्ली के लिए रवाना हो गये।

वहीं, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार न तो इस अभियान की समाप्ति की सार्वजनिक घोषणा की गई। न ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को मीटिंग समाप्ति की कोई सूचना दी गई। उधर ऐसी भी चर्चा है कि रायशुमारी के लिए पहुंची 4 सदस्ययी टीम के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ज्यादा न होने के कारण मीटिंग जल्दी समाप्त कर दी गई। वहीं, रुद्रपुर में हुए इसी प्रकार के कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा हुई मारपीट को भी मीटिंग जल्दी समाप्त करने का कारण माना जा रहा है।




