spot_img
spot_img
Saturday, February 21, 2026
spot_img

आप नेता दीपक बाली ने मुख्यमंत्री तीरथ रावत को दी काशीपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती

काशीपुर (महानाद) : आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी दीपक बाली ने प्रदेश के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राजनीतिक चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें राजनीतिक इच्छाशक्ति है तो वे काशीपुर आएं और यहां से उप चुनाव लड़कर खुद को प्रदेश का नेता साबित करें। काशीपुर की जनता और आम आदमी पार्टी उनकी इस इच्छाशक्ति का स्वागत करेगी।

आप नेता दीपक बाली ने प्रेस वार्ता आयोजित कर कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ रावत को काशीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने में तनिक भी संकोच नहीं होना चाहिए, क्योंकि पिछले 19 वर्षों से काशीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा का राज है और मौजूदा मेयर भी उन्हीं की पार्टी से हैं। बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री के मंत्री मंडलीय सहयोगी धन सिंह रावत ने कहा है कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश के हैं और वे जहां से चाहें चुनाव लड़ सकते हैं । हम धन सिंह की बात का समर्थन करते हैं और उम्मीद करते हैं कि मुख्यमंत्री भी उनकी भावनाओं का सम्मान करेंगे।

अतः भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत एवं विकास पुरुष पंडित नारायण दत्त तिवारी की कर्मभूमि रहा काशीपुर भले ही मौजूदा उत्तराखंड सरकार की नजर में एक छोटा सा कस्बा हो, फिर भी हम मुख्यमंत्री को यहां से चुनाव लड़ने हेतु ससम्मान दावत देते हैं कि वह काशीपुर आएं और अपने लगातार चार बार के विधायक हरभजन सिंह चीमा से इस्तीफा दिलाकर उप चुनाव लड़े। कम से कम इसी बहाने विकास की दौड़ में गुमनामी में खो चुके काशीपुर का उद्धार हो जाएगा और भाजपा ने विकास के नाम पर इस क्षेत्र को कितना सुशासन और विकास दिया इसका आंकलन भी मुख्यमंत्री को खुद चुनाव लड़कर हो जाएगा। आम आदमी पार्टी उनके राजनीतिक चुनावी पराक्रम से दो-दो हाथ करने को तैयार है।

बाली ने कहा कि उत्तराखंड की जागरूक एवं सम्मानित जनता आम आदमी पार्टी के साथ खड़ी है और उसकी नीतियों का समर्थन कर रही है। काशीपुर से चुनाव लड़ कर मुख्यमंत्री तीरथ रावत और उनकी पार्टी को आम आदमी पार्टी की ताकत का एहसास हो जाएगा। मुख्यमंत्री अपने काशीपुर विधायक से सीट खाली कराकर चुनाव लड़े तो सही। स्पष्ट हो जाएगा कि अनुशासित कही जाने वाली भाजपा में अनुशासन और समर्पण दोनो हैं। और यदि वे यहां से चुनाव नहीं लड़ते तो स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री काम की राजनीति के बजाय जातीय और क्षेत्रीय समीकरण तलाश रहे हैं। चूंकि भाजपा ने बीते 4 वर्षों में प्रदेश में और 19 वर्षों से काशीपुर क्षेत्र में कुछ नहीं किया। इसलिए मुख्यमंत्री काशीपुर से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पायेंगे।

बाली ने कहा कि भाजपा ने सभी कुछ तो बदल दिया। जिससे स्पष्ट है कि खुद को दूसरों से अलग बताने वाली भाजपा के राज में पिछले 4 साल से कुछ भी तो सही नहीं था इसलिए भाजपा वालों क्या-क्या बदलोगे? उत्तराखंड को भी बदल दो वरना 2022 में जनता भाजपा को ही बदल देगी। क्योंकि भाजपा को प्रचंड बहुमत देने के बाद भी उत्तराखंड की जनता को निराशा के सिवा कुछ नहीं मिला है। मुख्यमंत्री काम की राजनीति लेकर काशीपुर आएं और चुनाव लड़े।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles