spot_img
spot_img
Tuesday, March 10, 2026
spot_img

बिना कोई टैक्स बढ़ाये करेंगे काशीपुर का विकास : दीपक बाली

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : मेयर दीपक बाली की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में शहर के विकास हेतु लाए गए सभी 20 बिंदुओं पर चर्चा के उपरांत उन्हें ध्वनि मत से पास कर दिया गया। बैठक की शुरुआत भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई, तत्पश्चात समस्त पार्षदों ने काशीपुर के विकास के क्षेत्र में बेहतर काम करने हेतु मेयर दीपक बाली को अभिनंदन पत्र देकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया एवं उन्हें प्रदेश का सबसे बेहतर काम करने वाला मेयर बताया। वहीं मेयर दीपक बाली ने काशीपुर नगर निगम क्षेत्र के विकास हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिए जा रहे निरंतर सहयोग के प्रति खड़े होकर उनका आभार जताया गया और उनके स्वस्थ, कुशल एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

बैठक के उपरांत मेयर दीपक बाली ने नगर की जनता को संदेश दिया कि बगैर कोई टैक्स बढ़ाए काशीपुर के विकास को आगे बढ़ाया जाएगा। सड़कों के बीच में कहीं भी खंबे नहीं रहने दिए जाएंगे साथ ही महाराणा प्रताप चौक से जीजीआईसी रोड होते हुए रतन सिनेमा रोड पर तथा गिरीताल और मां चामुंडा मंदिर तक दोनों और फैंसी लाइटें लगवाई जाएंगी।

मेयर ने बताया कि वार्ड संख्या 11 एवं 40 के विकास हेतु इन दोनों वार्डाे को जिला विकास प्राधिकरण को गोद दिया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र ही विभाजन विभीषिका पार्क का निर्माण होगा जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर धामी द्वारा कराया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र के सभी शमशान घाटों की दशा सुधारी जाएगी और पोस्टमार्टम हाउस का भी जीर्णोद्धार स्वास्थ्य विभाग से बात करके कराया जाएगा।

आज की बोर्ड बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड के संबंध में जन समस्याओं के निदान हेतु जो पत्र दिए हैं उन्हें एक सप्ताह के अंदर संबंधित विभागों को भेज दिया जाएगा हर 15 दिन के अंतर पर एक बार सभी पार्षद और नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारी बैठकर समस्याओं के निदान पर मंथन करेंगे और उनका निदान करेंगे। जनवरी माह से नगर निगम जनता के द्वार कार्यक्रम शुरू करेगा और प्रत्येक वार्ड में मेयर अधिकारियों के साथ पहुंचकर जनता दरबार लगाएंगे। मेयर ने सभी पार्षदों से कहा कि जो भी अपने-अपने वार्ड के क्षेत्र में नगर निगम के विस्तार के प्रति इच्छुक हैं वे अपना अपना प्रस्ताव बना कर दें।

मेयर बाली ने कहा कि अब जनता को हाउस टैक्स जमा करने में अर्थ दंड से राहत दी गई है और अब हाउस टैक्स जमा करने की अवधि एक अप्रैल से 31 मार्च तक हुआ करेगी और जो व्यक्ति प्रथम तीन माह के अंदर अर्थात माह जून तक अपना हाउस टैक्स जमा कराएगा उसे टैक्स में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। अब नगर निगम क्षेत्र में पांच के बजाय 10 आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाएंगे ताकि गरीब जनता को मुफ्त में उपचार उपलब्ध कराया जा सके। आधार कार्ड और श्रमिक कार्ड बनाने हेतु जनता को राहत देने के उद्देश्य से केंद्र खोलने के स्थान चयनित करने की जिम्मेदारी पार्षद एवं सांसद प्रतिनिधि विजय बॉबी को सौंपी गई जो मेयर और मुख्य नगर आयुक्त से मिलकर इस काम को जल्दी से जल्दी पूरा करेंगे।

मेयर ने बताया कि निगम कर्मचारियों के जो भी पुराने बकाया हैं वे अधिकांश निपटा दिए गए हैं और जो शेष हैं उनका भी भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2017 से लंबित ठेकेदारों का भुगतान भी नगर निगम द्वारा किया जा चुका है।

आज की बोर्ड बैठक में राशिद फारूखी, हुस्न जहां, संदीप सिंह मोनू, विजय बॉबी, मयंक मेहता, पुष्कर सिंह बिष्ट, दीपा पाठक, अनिल कुमार, बीना नेगी, अनीता कांबोज, वैशाली गुप्ता, संजय शर्मा, कुलदीप शर्मा, प्रिंस बाली, अब्दुल कादिर, मोनिश, गुंजन प्रजापति, मनोज जग्गा, नजमा बेगम, मोहम्मद शरीफ, सुरेश कुमार सैनी सहित अनेक पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा। साथ ही उन्होंने मेयर द्वारा सभी पार्षदों की समस्याओं का तेजी से निराकरण किये जाने पर उनका दिल की गहराइयों से आभार भी जताया।

पार्षदों ने कहा कि खाली पड़े प्लॉटों में लोग कूड़ा डालते हैं, लिहाजा उन प्लॉटों के मालिकों को नोटिस दिए जाएं। कच्चे नालों को पक्का किया जाए, जहां सड़कें बहुत पुरानी है और गड्ढे हो गए हैं उनका निर्माण कराया जाए। मेयर ने पार्षदों से कहा कि वह अपने-अपने वार्ड की समस्याओं के निराकरण हेतु प्रस्ताव लिख कर दें जिन पर तत्काल अमल किया जाएगा। और शहर की कोई भी समस्या ऐसी नहीं रहेगी जिसका निदान न हो।

आज की बैठक में रखे गए बिंदुओं में हाई मास्क लाइटों की निविदा सभागार में विद्युतीकरण कार्य सोशल मीडिया कंसलटेंट को रखे जाने स्वच्छ भारत मिशन कंसलटेंट, शहर में 10 स्थानों पर ई-रिक्शा स्टैंड स्थापित करने और विभिन्न स्थानों पर नगर निगम की जमीनों पर 500 दुकानें बनाए जाने, विभिन्न वार्डों में स्थित पार्कों की देखभाल और उनके सौंदर्य करण हेतु समाजसेवी संस्थाओं को सुपुर्द किए जाने सहित 20 बिंदुओं पर चर्चा हुई, जिन्हें ध्वनि मत से स्वीकृत कर दिया गया।

मेयर बाली ने बताया कि उनके द्वारा स्ट्रीट लाइटों के निदान हेतु स्थाई व्यवस्था कर दी गई है और भारत सरकार के उपक्रम ईएसएसएल से मीटिंग होकर सहमति बन गई है और यही संस्था शहर में लाइटों को लगाने का काम करेगी और भुगतान प्रदेश सरकार द्वारा किया जाएगा। यह संस्था खराब हुई स्ट्रीट लाइटों को 24 घंटे के अंदर बदल देगी और शहर के लगभग 24-25 हजार खंबो में कोई ऐसा नहीं बचेगा जिस पर लाइट ना लगे। अभी तक नगर निगम के पास कर्मचारियों का अभाव होने के चलते स्ट्रीट लाइटों को लगाने में दिक्कत आ रही थी जो भविष्य में नहीं होगी।

बोर्ड बैठक का संचालन कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा द्वारा किया गया।

बोर्ड बैठक में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद शाह और कमल मेहता, अकाउंटेंट शिवेंद्र खनायत, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अमरजीत सिंह साहनी, एसआई मनोज बिष्ट, जगदीश सहित नगर निगम पार्षदों ने भाग लिया।

नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने भी सभी पार्षदों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के निदान हेतु वे भी कोई कसर नहीं छोड़ेंगे और जो भी समस्या उनके संज्ञान में लाएगे उसका मेयर के सहयोग से अवश्य समाधान होगा।

kashipur_city

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles