रुद्रपुर (महानाद) : नशामुक्त देवभूमि मिशन के अन्तर्गत गठित जिलास्तरीय समिति की बैठक लेते हुए डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि मेडिकल स्टोरो में ड्रग्स निरीक्षक व पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चलाकर छापेमारी करें। जो भी मेडिकल स्टोर में प्रतिबन्धित दवाईया व स्टॉक पंजिकाएं पूर्ण नहीं मिलते है तो उनके खिलाफ लाईसेंस निरस्तीकरण व सीज की कार्यवाही की जाये। उन्होंने अजीतपुर मजरा, किच्छा में शिक्षा विभाग के पुराने विद्यालय में नशामुक्ति केन्द्र खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिये।
डीएम भदौरिया ने ड्रग्स निरीक्षक को सभी मेडिकल की दुकानों की जांच/निरीक्षण करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने कहा कि जो मेडिकल की दुकाने बिना लाईसेंस के अवैध संचालित हो रही हों या प्रतिबन्धित दवाईयों को बेचने में लिप्त हों, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि जो भी प्रर्वतन की कार्यवाही की जाती है उसकी रिपोर्ट जिला कार्यालय व एसएसपी कार्यालय को अवश्य उपलब्ध करायी जाये।
डीएम ने ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार करने हेतु जनजागरूक करते हुए प्रर्वतन की कार्यवाही निरन्तर करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। उन्होंने जनपद के सभी विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों में एंटी ड्रग्स कमेटी को सक्रियता से कार्य कराने के निर्देश मुख्य शिक्षा अधिकारी को दिये। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे से होने वाल दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया जाये। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा पुलिस, स्वंयसेवी संस्थाओं एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में बैनर, नुक्कड़ नाटक, काउंसलिंग, सोशल मीडिया आदि के माध्यम से जागरूक करने का कार्य किया जाये। उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस विभाग द्वारा की गयी कार्यवाही की समीक्षा करते हुए पुलिस व ड्रग्स निरीक्षक को निरंतर नशे के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट में पुलिस द्वारा जनपद में 130 अभियोग पंजिकृत किये गये हैं, जिसमें कुल 194 अभियुक्त हैं। जिसमें से 178 अभियुक्तों को गिरफ्तारी की गयी है। उन्होंने बताया कि चरस, स्मैक, डोडा, गांजा, नशीले इन्जेक्शन, कैप्सूल, अफीम आदि कुल 15.34 करोड़ कीमत का माल जब्त किया गया है। उन्होंने बताया जनपद में 7 नशामुक्ति केन्द्र संचालित हैं। 2 सरकारी नशा मुक्ति केन्द्र हेतु जिला चिकित्सालय व अजीतपुर मजरा, किच्छा में शिक्षा विभाग के विद्यालय में खोलने हेतु संयुक्त निरीक्षण कर स्थल चयन कर लिया गया है। डीएम ने आज ही अजीतपुर मजरा में नशामुक्ति केन्द्र खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिये।
बैठक में एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एडीएम पंकज उपाध्याय, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, एसडीएम/ओसी गौरव पाण्डेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार, निधि शर्मा, शुभम कोटनाला आदि उपस्थित थे।



