रुद्रपुर (महानाद) : एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति का अपराधियों पर कहर शुरु हो गया है। पुलिस टीम पर हमले के मामले में वांछित चल रहे नशा तस्कर नाजिम को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पास एक अवैध तमंचा 315 बोर, 2 खोखा कारतूस, 2 जिंदा कारतूस व 4100 रुपये नगद बरामद हुए हैं।
आपको बता दें कि एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा आगामी होली पर्व के दृष्टिगत अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उक्त क्रम में कल दिनांक 01.03.2026 को एएनटीएफ ऊधम सिंह नगर व एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग की जा रही थी। टीम द्वारा इन्द्रा चौक, मुख्य बाजार, डीडी चौक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि सुभाष कॉलोनी में पूर्व में पुलिस टीम पर पथराव एवं जानलेवा हमला करने वाला व एनडीपीएस एक्ट में वांछित अभियुक्त नदीम उर्फ नजीम उर्फ नाजिम पुत्र कल्लू निवासी सुभाष कॉलोनी, रुद्रपुर बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल से सिडकुल की ओर से हल्द्वानी जा रहा है।
सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा पारले चौक, निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग प्रारम्भ की गई । बागवाला/बिन्दुखेड़ा बाईपास की ओर से आती एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन चालक द्वारा भागने का प्रयास करते हुए मोटर साइकिल मोड़ी, जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर गया। गिरने के पश्चात अभियुक्त द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई।
पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा एवं जनसुरक्षा के दृष्टिगत संयमित एवं नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की गई। जवाबी कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगी। तत्पश्चात पुलिस बल द्वारा सावधानीपूर्वक घेराबंदी कर अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त नदीम उर्फ नजीम उर्फ नाजिम पूर्व में कोतवाली रुद्रपुर में पंजीकृत धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 109, 121, 132, 190, 191(2)(3) बीएनएस में वांछित चल रहा था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा स्वीकार किया गया कि वह मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है तथा पूर्व में पुलिस टीम पर हमला कर फरार चल रहा था।
नाजिम के विरुद्ध धारा 109 बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घायल अभियुक्त को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है।
पुलिस टीम में प्रभारी एएनटीएफ निरीक्षक राजेश पाण्डेय, एसओजी प्रभारी एसआई उमेश कुमार, एसएअसाई अनिल जोशी, एएसआई अमित, कां. विनोद खत्री तथा दिनेश चन्द्र शामिल थे।
# rudrapur_encounter_news



