- कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का प्रयास निंदनीय, पाटी नेतृत्व के अनुसार आगे की कार्रवाई : पाण्डेय
- भाजपा को बदनाम करने के प्रयास पर कांग्रेस मांगे माफी: दीप्ति रावत
सुहानी अग्रवाल
देहरादून (महानाद) : पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडेय ने उनके नाम से सोशल मीडिया पर वायरल किये जा रहे लैटर को फर्जी और छवि खराब करने का प्रयास बताया है। वहीं भाजपा ने भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से भाजपा की छवि खराब करने के प्रयास पर तत्काल माफी मांगने को कहा है।
सोमवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि कुछ दिनों से सोशल मीडिया में एक वायरल लैटर को उनका बताकर उनकी और पार्टी की छवि खराब की जा रही है। जबकि वह लैटर उनका नहीं है और ऐसा कोई भी लैटर उनके द्वारा प्रधानमंत्री या किसी अन्य को नहीं लिखा गया है। इस फर्जी लैटर के आधार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने जो कुछ कहा है, वह बिलकुल झूठ एवं बेबुनियाद है। उनके द्वारा उनकी व्यक्तिगत और संगठन के अनुशासन की छवि को खराब करने का प्रयास किया गया है। उनके इस कृत्य की वह कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
पांडेय ने कहा कि वह भाजपा के अनुशासित सिपाही हैं और भाजपा सरकार या संगठन के खिलाफ किसी भी कीमत पर ऐसा कोई कृत्य नहीं कर सकते हैं। लिहाजा कांग्रेस पार्टी द्वारा राजनैतिक दृष्टि से इस मुद्दे पर जो कुछ कहा जा रहा है, वह असत्य और बेहद आपत्तिजनक है। आगे जो भी पार्टी नेतृत्व का निर्देश होगा, उसी के अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी। इस सम्बन्ध में उनकी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से बात हुई है और उन्होंने उनके सामने इस पूरे प्रकरण पर अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया है।
अरविंद पांडेय ने कहा कि कथित वायरल लैटर पूरी तरह काल्पनिक है और हर मुद्दे पर तत्काल प्रतिक्रिया देना आवश्यक नहीं है, लेकिन झूठे और मनगढ़ंत आरोपों के आधार पर राजनीतिक माहौल बिगाड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। वह भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता और आरएसएस के स्वयंसेवक हैं। वे संगठन की विचारधारा और अनुशासन के तहत कार्य करते हैं। उन्होंने कहा, मैं भाजपा का सिपाही हूं और संघ का स्वयंसेवक हूं। झूठे वायरल लैटर को राजनीतिक लाभ के लिए फैलाया गया है। उन्होंने कांग्रेस से प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि अब यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि कांग्रेस पार्टी एक फर्जी लैटर के सहारे भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस का एकमात्र मकसद अपनी पार्टी में चल रही गुटबाजी और ‘सिर फुटौव्वल’ से जनता का ध्यान भटकाना है। अरविन्द पांडेय पार्टी के एक निष्ठावान और बेहद अनुशासित कार्यकर्ता हैं। उन्हें पहले से ही विश्वास था कि वे ऐसा कोई कार्य नहीं कर सकते जिससे पार्टी की छवि और अनुशासन की मर्यादा को ठेस पहुंचे। उनके द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद अब सभी गलतफहमियां दूर हो गई हैं। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी की नकारात्मक राजनीति की पोल एक बार फिर जनता के सामने खुल गई है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा कि कांग्रेस ने विधायक की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है, जो पूरी तरह निंदनीय है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इस प्रकार की राजनीति से जनता का विश्वास कमजोर होता है। इसी तरह इस मुद्दे पर अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं की टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि मामले में सुखदेव सिंह नामधारी से भी स्पष्टीकरण लिया जाएगा। पार्टी संगठन इस पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा कर रहा है और सच्चाई सामने लाई जाएगी।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।



