पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सहोता ने कहा कि बहादराबाद टोल प्लाजा पर लाठीचार्ज के बाद शुरू हुआ धरना प्रदर्शन सीएम से वार्ता के बाद समाप्त हो गया है। उन्होंने इसे किसानों की एकता और संघर्ष की जीत बताया।
अपने निवास स्थान ग्राम कलियावाला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान प्रेम सिंह सहोता ने कहा कि हरिद्वार के डीएम और एसएसपी ने मांगों के संबंध में आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया है। बड़ी संख्या में राज्य के किसान धरने मे शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि अफसरों के मुताबिक किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाएगा। जिला और तहसील स्तर पर नियमित किसान दिवस आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान हो।
उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा पर दी जाने वाली छूट को पुनः लागू करने के लिए शासन स्तर पर वार्ता चल रही है। किसानों के बिना कारण चालान नहीं किए जाएंगे। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान और गन्ने का मूल्य निर्धारण जल्द कराने के लिए इकबालपुर शुगर मिल से संबंधित बैठक शासन स्तर पर बुलाई जाएगी। स्मार्ट मीटर के संबंध में एक शिविर लगाया जाएगा, जिसमें किसानों को पूरी जानकारी दी जाएगी। जो किसान सहमति देंगे, उनके घरों पर ट्रायल के तौर पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 21 अगस्त से जारी आंदोलन को देखते हुए किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता के लिए भेजा गया था। इस वार्ता में किसानों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनी और इसी क्रम में बहादराबाद थाना प्रभारी नरेश राठौड़ का तबादला जनपद चमोली कर दिया गया है।
इस अवसर पर दीदार सिंह, दर्शन सिंह, जसवीर सिंह, अमनप्रीत सिंह आदि मौजूद रहे।



