विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : ज्ञानार्थी मीडिया कॉलेज के छात्रों के लिए काम की खबर है। राम सिंह सेंटर ठाकुरद्वारा के साथ मिलकर ज्ञानार्थी कॉलेज अपने छात्रों को सरकारी नौकरियों की कोचिंग करवायेगा।
उक्त जानकारी देते हुए कॉलेज के चेयरमैन संतोष मेहरोत्रा ने बताया कि अभी काशीपुर के छात्रों को सरकारी नौकरी की कोचिंग करने के लिए दिल्ली, देहरादून, ठाकुरद्वारा आदि स्थानों पर जाना पड़ता था। अब उन्होंने राम सिंह सेंटर ठाकुरद्वारा के साथ मिलकर कॉलेज के छात्रों के लिए कॉलेज कैम्पस में ही सरकारी नौकरी की तैयारी करवाने की व्यवस्था की है।
वहीं, राम सिंह सेंटर ठाकुरद्वारा के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिरुद्ध सिंह ने बताया उनका सेंटर विगम 45 वर्षों से छात्रों को सरकारी नौकरी की कोचिंग करवा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य है कि कक्षा 12वीं पास करने के बाद से ही छात्र स्नातक की डिग्री लेने के दौरान ही सरकारी नौकरी की तैयारी में जुट जाये तो उसका समय बचेगा और स्नातक होते ही नौकरी की तैयारी में लग जायेगा। स्नातक डिग्री लेने के बाद उसे अपना समय फिर कोचिंग के लिए बर्बाद नहीं करना पड़ेगा।
सिंह ने बताया उनके पास काशीपुर सहिम उत्तराखंड के कई स्थानों से छात्र सरकारी नौकरी की कोचिंग लेने आते हैं। अब वे काशीपुर में ज्ञानार्थी मीडिया कॉलेज में छात्रों को सरकारी नौकरी जैसे सिविल सर्विसेज, यूकेपीएसएसी, स्टेनो, सचिवालय भर्ती आदि सरकारी नौकरियों के लिए कोचिंग देंगे।
वहीं कॉलेज प्रबंधक डॉ. मनोज मिश्रा ने बताया कि ज्ञानार्थी मीडिया के छात्रों को बिना किसी अतिरिक्त फीस के सरकारी नौकरी की कोचिंग ठाकुरद्वारा के प्रसिद्ध राम सिंह सेंटर द्वारा दी जायेगी। उक्त कोचिंग सायं 3 से 7 बजे तक चलेगी। इसके लिए कॉलेज कैम्पस में 6000 वर्ग फिट के एक हॉल का निर्माण किया गया है। कोचिंग क्लासेस 15 जुलाई से शुरु हो जायेंगी।
मिश्रा ने कहा कि भविष्य में काशीपुर क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी उक्त कोचिंग का लाभ दिया जायेगा।
#ram_singh_centre_thakurdwara | gyanarthi_college



