spot_img
spot_img
Wednesday, May 13, 2026
spot_img

पहली सैलरी : अधिक समझदारी और संतुलन की आवश्यकता – उर्वशी बाली

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : डी – बाली ग्रुप की डायरेक्टर एवं समाजसेवी उर्वशी दत्त बाली युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करते हुए कहती हैं कि आज के समय में बड़ी संख्या में युवा अपनी पढ़ाई पूरी कर नई-नई नौकरियों में प्रवेश कर रहे हैं। पहली सैलरी के साथ एक अलग उत्साह, आत्मविश्वास और स्वतंत्रता का एहसास जुड़ा होता है। परिवार और समाज के लिए यह गर्व का क्षण होता है, लेकिन यही वह समय भी है जब युवाओं को सबसे अधिक समझदारी और संतुलन की आवश्यकता होती है।

बाली कहती हैं कि अक्सर देखा जाता है कि नौकरी शुरू होते ही कई युवा अचानक मिली आय को जीवनशैली बदलने का माध्यम मान लेते हैं। महंगे मोबाइल, ब्रांडेड कपड़े, अनावश्यक पार्टियां, दिखावे की होड़ और गलत संगति में खर्च बढ़ने लगते हैं। कुछ मामलों में नशे जैसी आदतें भी धीरे-धीरे जीवन में प्रवेश कर जाती हैं, जो शुरुआत में केवल ‘मज़े’ या ‘स्टेटस’ का हिस्सा लगती हैं, लेकिन समय के साथ गंभीर समस्या बन जाती हैं।

बाली ने कहा कि समस्या केवल खर्च की नहीं है, बल्कि आर्थिक संतुलन खोने की है। जब आय से अधिक खर्च होने लगता है और बचत शून्य रह जाती है, तब कुछ समय बाद वही युवा मानसिक तनाव, असुरक्षा और भविष्य को लेकर चिंता का सामना करने लगते हैं। कई बार आर्थिक दबाव रिश्तों, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास पर भी प्रभाव डालता है।

उर्वशी बाली ने कहा कि वास्तविक समझदारी कमाई में नहीं, बल्कि उसके सही प्रबंधन में है। यदि कोई युवा अच्छी आय अर्जित कर रहा है, तो आवश्यक जरूरतों के साथ सीमित रूप में अपने शौक पूरे करना गलत नहीं है, लेकिन साथ ही बचत और निवेश की आदत विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। छोटी-छोटी बचत भविष्य में बड़ी सुरक्षा बन सकती है।

उर्वशी बाली एक उदाहरण देकर इसे स्पष्ट करती हैं ‘दो मित्रों ने एक साथ नौकरी शुरू की। एक ने अपनी आय का अधिकांश भाग तात्कालिक सुख-सुविधाओं और दिखावे पर खर्च कर दिया, जबकि दूसरे ने संयम रखकर नियमित बचत और निवेश किया। कुछ वर्षों बाद पहला मित्र आर्थिक दबाव और अस्थिरता से जूझ रहा था, जबकि दूसरा आत्मनिर्भर और संतुलित जीवन जी रहा था।

आज के युवाओं को यह समझने की आवश्यकता है कि पहली कमाई केवल शौक पूरे करने का अवसर नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की पहली सीढ़ी है। आज का अनुशासन और संयम, आने वाले कल की आर्थिक स्वतंत्रता और सम्मानजनक जीवन की नींव बन सकता है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles