spot_img
spot_img
Monday, June 1, 2026
spot_img

आईटीआई में बढ़ाई जाएगी छात्र संख्या, 168 नए प्रशिक्षकों की होगी तैनाती: सौरभ बहुगुणा…

 

देहरादून, 01 जून। प्रदेश के कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राज्य की आईटीआई संस्थाओं में छात्र संख्या बढ़ाने और सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में मंत्री ने आगामी भर्ती सत्र को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर की आईटीआई में अधिक से अधिक छात्रों का नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कौशल विकास विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि युवा इन योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।

मंत्री ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी जाए, जिससे वे अपने बच्चों को व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए प्रेरित कर सकें। साथ ही शिक्षण संस्थानों के आसपास विभागीय योजनाओं से संबंधित होर्डिंग्स लगाने के भी निर्देश दिए गए।

16 जून को खुलेंगे टीवीएस के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

सौरभ बहुगुणा ने बताया कि देहरादून के निरंजनपुर, श्रीनगर तथा अल्मोड़ा स्थित आईटीआई में स्थापित किए गए टीवीएस कंपनी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन आगामी 16 जून को किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि विभाग द्वारा टाटा टेक्नोलॉजीएस को सौंपे गए 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जुलाई माह से शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे। इन केंद्रों के लिए आवश्यक मशीनरी और प्रशिक्षकों की व्यवस्था कंपनी द्वारा की जा चुकी है।

ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग मॉडल का होगा विस्तार

मंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 32 आईटीआई संस्थान डीएसटी (ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग) मॉडल पर संचालित हो रहे हैं, जिसमें छात्र छह माह आईटीआई और छह माह उद्योगों में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। अब इस व्यवस्था का विस्तार करते हुए ऐसे आईटीआई की संख्या 32 से बढ़ाकर 45 की जाएगी।

168 नए प्रशिक्षकों की होगी नियुक्ति

बैठक में मंत्री ने बताया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग राज्य में 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की तैनाती करने जा रहा है। इससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।

बैठक में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के निदेशक संजय कुमार, संयुक्त निदेशक मनमोहन कुड़ियाल, उपनिदेशक शैलेन्द्र शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles