रुद्रपुर (महानाद) : एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने नानकमत्ता कोतवाली क्षेत्र में घटित घटना का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए जांच की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु एक दरोगा सहित 4 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
आपको बता दें कि दिनांक 28.03.2026 को कोतवाली नानकमत्ता में दर्ज धारा 137(2), 64, 115, 351(2), 127(2) बीएनएस व 5/6 पॉक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त कुलदीप सिंह की गिरफ्तारी हेतु कोतवाली नानकमत्ता पुलिस टीम ग्राम सिद्धा नवदिया, नानकमत्ता गई थी। जहां पर दबिश के दौरान एक वृद्ध महिला मौके पर पहुंची और अचानक तबीयत बिगड़ना बताते हुए नीचे जमीन पर गिर गई। वृद्ध महिला को मौके से उपचार हेतु राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के दृष्टिगत निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने हेतु एसएसपी गणपति द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच एसपी रुद्रपुर को सौंपी गई है।
निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने हेतु कोतवाली नानकमत्ता में तैनात निम्नलिखित 4 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है –
1- एसआई सुनील कुमार, कोतवाली नानकमत्ता
2- हे.कां. नवीन कुमार, कोतवाली नानकमत्ता
3- कां. लोकेश तिवारी, कोतवाली नानकमत्ता
4- महिला कां. बबीता रानी, कोतवाली नानकमत्ता



