जसपुर (महानाद) : एक व्यक्ति ने एक कार सवार लोगों पर उसके पुत्र व उसके 2 दोस्तों को जान से मारने की नीयत से उनकी बाइक पर कार चढ़ाने का आरोप लगाया है। घटना में जहां उसके पुत्र की मृत्यु हो गई, वहीं 2 अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 2 नामजद सहित अन्य अज्ञात के विरु( मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मौ. जुलाहान, जसपुर निवासी बनारसी दास उर्फ पप्पू कारीगर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू पुत्र नरेन्द्र सिंह निवासी कासमपुर, जसपुर तथा जाकिर गुज्जर व अन्य जोकि उसके पुत्र नितिन कुमार से पूर्व से रंजिश रखते थे, जिन्होंने उसके पुत्र को दिनांक 10.07.2026 को फोन पर गन्दी गालियां देते हुये शाम तक उसके पुत्र नितिन व उसके दोस्तों हर्ष व लवीश को जान से मारने की धमकी दी।
बनारसी दास उर्फ पप्पू कारीगर ने बताया कि दिनांक 10.07.2026 की रात्रि के लगभग 9ः30 बजे उसका पुत्र नितिन कुमार अपने दोस्त हर्ष पुत्र बिल्लू मास्टर व लवीश पुत्र विनोद के साथ ठाकुरद्वारा चुंगी से पकौड़ी लेकर बाइक से वापिस आ रहा था, तब रास्ते में खेड़ा, जसपुर रोड पर आर्युर्वेदिक हॉस्पिटल के सामने पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू ने कार सं. यूपी 21 डीएफ 4379 से उसके पुत्र का पीछा किया और एक सुनियोजित षडयंत्र के तहत पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू ने उसके पुत्र नितिन कुमार व उसके दोस्त लवीश की हत्या करने की नीयत से उसके पुत्र नितिन कुमार की बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसका पुत्र व उसके दोस्त बाइक से गिर गये और नितिन कुमार को जान से मारने की नीयत से उक्त व्यक्तियों ने नितिन के ऊपर कार चढ़ा दी तथा उसके पुत्र नितिन को बुरी तरह घसीटते हुये इरादतन उसको जान से मारने की नीयत से कुचल डाला, कार में पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू, जाकिर गुज्जर व अन्य मौजूद थे।
बनारसी दास ने बताया कि इसी दौरान हर्ष व लवीश अपनी जान बचाने हेतु मदद का शोर करने लगे, लोगों को मौके पर आता देख उक्त सभी लोग घटनास्थल से भाग गये, इस पूरी घटनाक्रम को हर्ष व लवीश ने अपनी आंखों से देखा है। किसी व्यक्ति द्वारा घटना की उसेे सूचना दी गयी और सूचना मिलते ही वह, देव प्रजापति पुत्र विनोद व परिवार सहित अन्य मौहल्ले के लोगों के साथ मौके पर पहुँचा। वह अपने पुत्र को काशीपुर अस्पताल ले जा हरा था कि रास्ते में उसके पुत्र की मृत्यु हो गयी। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ, जाकिर गुज्जर तथा अन्य अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा मुकदमा दर्ज कर 103(1), 3(5), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कोतवाल राजेश पांडेय स्वयं कर रहे हैं।



