spot_img
spot_img
Friday, March 6, 2026
spot_img

तिल का ताड़ बना रहे जसपुर विधायक आदेश चौहान : डॉ. सिंघल

पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : कांग्रेस विधायक एवं भाजपा नेता (पंजाबी समाज के) के बीच चल रहे विवाद के उपरांत सत्ता पक्ष व विपक्ष आमने-सामने आ गए। जसपुर विधायक आदेश चौहान ने जहां भाजपा व जिले के एसएसपी पर खुद की जान के खतरे को लेकर गंभीर आरोप लगाए। वहीं भाजपा ने भी कांग्रेस विधायक आदेश चौहान पर आरोपों की झड़ी लगा दी।

भाजपा कार्यालय पर पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर कहा कि विधायक आदेश सिंह चौहान तिल का ताड़ बना कर राजनीति कर रहे हैं। वे क्षेत्र का माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। विधायक चाहते तो यह घटना नहीं घटती। इसके बावजूद भी विधायक गलत बयानबाजी कर रहे हैं।

डॉ. सिंघल ने कहा कि विधायक भारतीय जनता पार्टी एवम एसएसपी उधम सिंह नगर (पुलिस) पर अपनी हत्या कराने का जो आरोप लगा रहे हैं, वह सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि विगत दिनों आदेश सिंह चौहान ने उप जिलाधिकारी को किसी मामले में जांच कराने हेतु शिकायत पत्र दिया था। लेकिन उप जिलाधिकारी 2 दिन की छुट्टी पर होने के कारण जांच करने का समय नहीं मिला। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि विधायक के आदमी दोनों पक्षों को विवाद सुलझाने के लिए विधायक आवास ले गए थे। उन्होंने कहा कि विधायक स्वयं विवाद उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाली गलौज करना विधायक की आदत बन गई है।

भाजपा नेता डॉ. सिंघल ने आरोप लगाया कि विधायक आदेश चौहान ने पूर्व में राइस मिलरो एवं राशन की दुकानों के खिलाफ छापे डलवाए थे, परंतु अपनी सुविधा के अनुसार उनसे समझौता कर लिया। डॉ. सिंघल ने कहा कि विधायक पहले प्रशासन से शिकायत करते हैं और बाद में अपनी सुविधा अनुसार उनसे समझौता कर लेते हैं। डॉ. सिंघल ने विधायक आदेश सिंह चौहान द्वारा भाजपा पर हत्या कराने बयान को वापस लेने की मांग की और कहा कि विधायक ने जिन लोगों के खिलाफ हमले की तहरीर दी है उसमें से मदन कुमार एक दिव्यांग है और कृष्ण कुमार की उम्र 70 वर्ष है। सवाल उठता है कि दिव्यांग व्यक्ति एवं 70 वर्ष का बूढ़ा व्यक्ति घर में घुसकर बाहुबली विधायक के घर पर हमला कैसे कर सकता है।

प्रेस वार्ता मे त्रिलोक अरोरा, तरुण गहलौत, मंडी उपाध्यक्ष सरवन सिद्धू, विनोद प्रजापति, अनिल नागर, अंकुर सक्सेना आदि मौजूद थे।

पूर्व विधायक ने लगाए आरोप –
– गनर पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए दो साल की कॉल डिटेल निकालकर जांच करने की मांग की।
– खनन करने वालों से विधायक के गनर अवैध वसूली करते हैं। विधायक का गनर नहीं बल्कि विधायक के पर्सनल सेक्रेटरी के रूप में काम कर रहा था।
– विधायक आदेश सिंह चौहान के खेत में अवैध रूप से पड़ी मिट्टी कहां से आई। रॉयल्टी कहां से आई, किस ठेकेदार ने इसका भरान किया या इसका भरान कमीशन खोरी से हुआ है इसकी जांच होनी चाहिए।
– विधायक को इन सब आरोपों का जवाब देना चाहिए।

उधर, जसपुर पंजाबी महासभा ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जाँच की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। पंजाबी महासभा के अध्यक्ष त्रिलोक अरोरा ने भी इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, शुरुआत कहां से हुई, गलती किसकी है। जांच के उपरांत ही किसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

इस दौरान पंजाबी महासभा से जुड़े सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles