spot_img
spot_img
Wednesday, April 29, 2026
spot_img

जसपुर विधायक ने नोंच कर फेंका हड़ताल का नोटिस, सुचारू करवाया गैस वितरण कार्य

पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : इंडेन गैस गोदाम पर जबर्दस्त हंगामें के बाद पहुंची पुलिस भी उत्तेजित भीड़ को शांत नहीं कर पाई जिसके बाद विधायक ने मौके पर पहुंचकर उत्तेजित भीड़ को शांत करवाया एवं गैस वितरण कार्य सुचारु करवाया।

आपको बता दें कि चंपावत में इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर द्वारा की गई आत्महत्या के विरोध में पूरे कुमाऊं भर में काम बंद करने का नोटिस सभी गैस एजेंसियों पर चस्पा कर दिया गया था। गैस लेने आए उपभोक्ताओं को गैस न मिलने पर उन्होंने गैस एजेंसी के बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान ने नाराजगी जाहिर करते हुए वहां लगा हड़ताल का नोटिस नोंच कर फेंक दिया और गैस वितरण कार्य शुरू करवाया, तब कहीं जाकर उत्तेजित लोग शांत हुए।

मिली खबर के अनुसार सोमवार को जसपुर गैस एजेंसी के गैस गोदाम पर पर्ची कटवाने व केवाईसी कराने करने के लिए सवेरे 5 बजे से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लगी हुई थी। लोग कार्यालय खुलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। गैस कार्यालय खुलने का समय पूरा होने पर भी गैस कार्यालय नहीं खुला, अलबत्ता गैस कर्मचारियों ने कार्यालय के गेट पर कार्यालय बंद रखने और कार्य न किए जाने का नोटिस चस्पा कर दिया।

इस पर घंटों से खड़े लोगों की भीड़ उत्तेजित हो गई, लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया एवं इंडेन गैस कर्मचारियों पर गैस की कालाबाजारी का आरोप भी लगाया। सूचना मिलने पर सूत मिल चौकी प्रभारी इंदर सिंह ढलिया मय पुलिस टीम के साथ गैस गोदाम पर पहुंचे। पुलिस ने उत्तेजित लोगों को शांत करने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे काबू में नहीं आये।

उत्तेजित लोगों के हंगामा एवं स्थिति नियंत्रण के बाहर होने की सूचना मिलने पर विधायक आदेश सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। लोगों की पीड़ा को सुनकर विधायक का धैर्य भी जवाब दे गया और उन्हें गुस्सा आ गया। विधायक गैस प्रबंधन पर बुरी तरह बिफर पड़े और उन्होंने मौके की नाजुकता को भांपकर उत्तेजित लोगों को शांत करने के लिए गैस प्रबंधन द्वारा चस्पा किये गये नोटिस को नोंच कर फेंक दिया और गैस प्रबंधन से तुरंत काम शुरू करने को कहा। गैस प्रबंधन ने भी विधायक की नाराजगी से घबराकर तुरंत काम करना शुरू कर दिया।

नोटिस जिसे विधायक ने नोंच कर फेंक दिया

विधायक आदेश चौहान के आदेश पर गैस प्रबंधन ने गैस की पर्चियां काटीं, केवाईसी की व गैस वितरण किया और लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों व उपभोक्ताओं ने विधायक आदेश चौहान के इस कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विधायक द्वारा कार्य शुरू कराये जाने के बाद तहसीलदार दिलीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी स्थिति का जायजा ले कर लोगों की समस्याएं सुनीं और गैस प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए। मामला नगर व क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles