spot_img
spot_img
Friday, March 27, 2026
spot_img

कमजोर मुख्यमंत्री चाहता है कांग्रेस आलाकमान : नवजोत सिंह सिद्धू

पंजाब (महानाद) : राहुल गांधी 6 फरवरी को लुधियाना में पंजाब कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करेंगे। इससे पहले ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं।

बता दें कि पंजाब में मुख्यमंत्री चेहरे के लिए कांग्रेस आलाकमान के सर्वे का रुख भांपते ही प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिद्धू के तेवर कड़े हो गए हैं। सिद्धू ने यह कहकर सनसनी फैला दी है कि ‘शीर्ष पर बैठे लोग’ (आलाकमान) एक कमजोर मुख्यमंत्री चाहते हैं, जो उनके इशारे पर नाचता रहे। इस बयान के साथ सिद्धू ने चन्नी को कमजोर मुख्यमंत्री साबित होने की ओर इशारा कर पार्टी के लिए मुश्किल खड़ी करने की कोशिश तेज कर दी हैं। सिद्धू ने कहा कि एक अच्छे मुख्यमंत्री का चुनाव करना केवल पंजाब के मतदाताओं के हाथ में है।

शुक्रवार को अमृतसर में अपने समर्थकों के बीच पहुंचे सिद्धू ने कहा कि यदि नया पंजाब बनाना है तो सीएम आपके हाथ में है। आपको इस बार सीएम चुनना है। ऊपर वालों को एक कमजोर सीएम चाहिए, जो उनकी धुन पर नाच सके। क्या आपको ऐसा सीएम चाहिए?’

सिद्धू के इस बयान के बाद पार्टी और सियासी गलियारों में ये अटकलें तेज हो गईं हैं कि अगर कांग्रेस आलाकमान ने चन्नी को अगला मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया तो संभव है कि सिद्धू कांग्रेस को अलविदा कह दें। ऐसे ही संकेत हाल ही में सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने भी दिए थे कि वे पति-पत्नी अपने पुराने प्रोफेशन में लौट सकते हैं।

हांलाकि सिद्धू के लिए आलाकमान के फैसले के खिलाफ पार्टी के भीतर गुटबाजी को हवा दे पाना संभव नहीं होगा, क्योंकि पार्टी ने अधिकांश विधायकों और मंत्रियों को फिर से टिकट देकर चुनाव में उतार दिया गया है। ऐसे मौके पर सभी प्रत्याशियों को हाईकमान के सहयोग की दरकार है और सिद्धू के साथ शायद ही कोई नेता खुलकर सामने आए। इसके अलावा मुख्यमंत्री पद के तीन अन्य दावेदार- सुखजिंदर रंधावा, प्रताप बाजवा और सुनील जाखड़ भी हालात को देखते हुए चुप्पी साध गए हैं।

उधर, कांग्रेस के पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी, उसके कार्यकर्ता और पंजाब के लोग मुख्यमंत्री चन्नी के साथ खड़े हैं और विधानसभा चुनाव में चन्नी को हतोत्साहित करने का प्रयास कर रहे लोगों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। यदि कोई भी कांग्रेस का वरिष्ठ नेता या कार्यकर्ता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम करता हुआ मिलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles