spot_img
spot_img
Thursday, February 12, 2026
spot_img

काशीपुर : नाबालिग को राजस्थान में ले जाकर बेच दिया 5 लाख में, पुलिस ने किया बरामद

आकाश गुप्ता
काशीपुर (महानाद): कुंडा थाना क्षेत्र से गायब हुई 16 साल की नाबालिग को पुलिस ने राजस्थान से बरामद कर लिया है। उसे वहां पर शादी के लिए 5 लाख रुपये में बेच दिया था।

बता दें कि कुंडा थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम इस्लामनगर में किराये के मकान में निवास करने वाली एक महिला ने दिनांक 15-11-2022 को थाना कुंडा में आकर सूचना दी कि उसकी 16 साल की नाबालिग पुत्री कहीं गुम हो गई है। काफी खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। महिला की सूचना के आधार पर थाना कुंडा में मुकदमा एफआईआर सं. 301/2022 धारा-365 आईपीसी बनाम अज्ञात का अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच सूर्याचौकी प्रभारी एसआई राजेंद्र प्रसाद के सुपुर्द की गई तथा मामले के खुलासे के लिये एसओ कुंडा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में एसआई राजेंद्र प्रसाद व एसआई भूमिका पाण्डेय के सह नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी काशीपुर अभय सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदा की तलाश व खोजबीन शुरू की गयी। खोजबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग की मां मूल रूप से रामपुर, थाना कांठ जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश क्षेत्र की रहने वाली है तथा वह ग्राम इस्लामनगर में करीब 2 माह से किराए के कमरे में रह रही है। उसके पति की करीब 4 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है।

एसपी ने बताया कि महिला की आर्थिक तंगी इतनी थी कि वह अपने गाल में उपजे एक बड़े ट्यूमर का भी इलाज नहीं करा पा रही थी और रात दिन दर्द से परेशान रहती थी। इसी बीच उसके पड़ोस में रहने वाली एक शातिर गिरोह की महिला सोनिया कुमारी व उसके मुंह बोले पति राजू द्वारा गुमशुदा नाबालिग को मां का इलाज कराने के नाम पर अपने विश्वास में लेकर अपने जाल में फंसा लिया और दोनों ने मौके का फायदा उठाकर नाबालिक को बहला फुसला कर राजस्थान ले गये।

एसपी अभय सिंह ने बताया कि वहां उक्त दोनों अभियुक्तों ने पूर्व से ही एक व्यक्ति के परिवार से इस शर्त के साथ शादी तय की थी कि वह उस लड़की को बेचने के बदले में उन्हें 5 लाख रुपये देंगें। जिस व्यक्ति के साथ उक्त नाबालिग की शादी होनी थी वह एक पागल व विकलांग व्यक्ति है। नाबालिग की पड़ोसी महिला एवं उसके मुंह बोले पति ने उसे बहला-फुसलाकर ले जाकर 5 लाख रुपये में अभियुक्त पक्ष को बेच दिया तथा एडवंस में 3 लाख रुपये लेकर वहां से भाग गए और अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने अपने मुखबिरों व सर्विलांस टीम की मदद व अपने अथक प्रयास से करीब एक सप्ताह के अन्दर उस नाबालिग बालिका को उस नर्क भरी जिंदगी से राजस्थान के ग्राम मेवली, थाना कोटकासिम, जिला अलवर जाकर निकालकर बरामद कर लिया तथा इस काम को अंजाम देने वाले गिरोह का भी भंडाफोड़ किया है। इस मामले में शामिल विकलांग के साथ शादी कराने वाले पिता मनोज कुमार पुत्र प्रहलाद निवासी ग्राम मेवली, थाना कोटकासिम, जिला अलवर, राजस्थान को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है तथा गिरोह के प्रकाश में आये अन्य सदस्य (1) सोनिया कुमारी पत्नी शिशुपाल निवासी केवलगढ़ी, हाथरस, उ.प्र. व उसके साथी (2) राजू पुत्र पूरन सिंह निवासी माधावाला गढ़ी (3) सुनील देवी पत्नी मनोज कुमार व उनके पुत्र (4) मोनू पुत्र मनोज कुमार निवासीगण ग्राम मेवली, थाना कोटकासिम, जिला-अलवर के विरुद्ध धारा- 363/368/376/506 आईपीसी व धारा-5/6/16/17 पोक्सो एक्ट व धारा-9/10/11 बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गयी है। उक्त अभियुक्तों की तलाश कर गिरफ्तारी की जायेगी।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles