विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : काशीपुर पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से तस्करी कर लाई जा रही 230 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
आपको बता दें कि दिनांक 23.07.2025 को एसएसआई अनिल जोशी एसआई चन्दन सिंह बिष्ट, सौरभ भारती, कां. जगदीश पपनै, मुकेश कुमार, दीपक जोशी, सचिन कुमार, ज्ञानेन्द्र कुमार व गजेन्द्र गिरी के साथ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दृष्टिगत देखरेख, शान्ति व्यवस्था, रोकथाम जुर्म जरायम व चैंकिग संदिग्ध वाहन व गश्त कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि सोनीपत से एक कैन्टर में अंग्रेजी शराब आ रही है जो यूपी से दढ़ियाल रोड होते हुए बांसखेड़ा फ्लाई ओवर से कुंडा तिराहा होते हुए गढ़ीनेगी से पीरूमदारा जायेगा।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम बांसखेड़ा फ्लाई ओवर पहुंची तो एक सफेद रंग का कैन्टर आता दिखाई दिया। उसे रोक कर पूछताछ की तो चालक ने अपना नाम अमजद अली (26 वर्ष) पुत्र इरशाद निवासी ग्राम बसेड़ा, थाना कैराना, जिला शामली, उत्तर प्रदेश बताया। कैंटर की तलाशी लेने पर डिस्काउंट प्रीमियम व्हिस्की के पव्वों से भरी 130 पेटियां तथा बोतल से भरी 100 पेटियां बरामद हुईं।
पूछताछ करने पर अमजद ने बताया कि मैं सोनीपत से शराब ला रहा हूँ। यह शराब इस कैन्टर में मुकेश पुत्र जयपाल व अमित निवासी मुआना, सोनीपत ने लोड करायी थी और आज पीरूमदारा उत्तराखण्ड ले जाने को कहा था, उनके साथ सुरजन नगर, ठाकुरद्वारा का रहने वाला गौरव भी है, जो मेरे आगे-आगे बलेनो कार से चल रहे थे और मुझे व्हाट्सएप कॉल कर रास्ता बता रहे थे, जब मैं आप लोगों को देखकर तेज भागा तो मेरे आगे बलेनो कार में चल रहे अमित, गौरव और मुकेश भी तेजी से आगे निकल गये थे।
पुलिस ने अमजद के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 व 72 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर केंटर को सीज कर दिया।



