spot_img
spot_img
Friday, February 27, 2026
spot_img

महानगर महिला कांग्रेस ने महिला पहलवानों को समर्थन में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

आकाश गुप्ता
काशीपुर (महानाद) : उत्तराखंड महिला कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रही अंतरराष्ट्रीय भारतीय महिला पहलवानों के समर्थन में महानगर महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष पूजा सिंह के नेतृत्व में आज महिलाओं ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी काशीपुर को सौंपकर कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ कठोर कार्यवाही करने की मांग की।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महिला कांग्रेस की पदाधिकारिओं ने महानगर अध्यक्ष पूजा सिंह के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि न्यायालय के हस्तक्षेप के बावजूद अभी तक कुश्ती संघ के अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस द्वारा गिरफ्तारी नहीं की गई है, जो कि देश की नारी शक्ति का अपमान है। राष्ट्रपति को व्यक्तिगत रूप से इस विषय को संज्ञान लेते हुए कार्यवाही का आदेश जारी करना चाहिए।

पीसीसी सदस्य व महिला कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अलका पाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर दिल्ली पुलिस द्वारा कुश्ती संघ के अध्यक्ष के खिलाफ कार्यवाही ना किया जाना भाजपा की महिलाओं के प्रति दोहरी मानसिकता को दर्शाता है। बेहतर होगा कि नारी शक्ति के सम्मान के लिए यौन शोषण के आरोपी के खिलाफ कठोर कार्यवाही करते हुए एक मिसाल पैदा की जाए। जिससे भविष्य में इस तरह के कार्यों की पुनरावृत्ति ना हो।

इस अवसर पर राज बत्रा, कुमकुम सक्सेना, पूजा गुप्ता, रंजना गुप्ता, मीना जुनेजा, शुभ्रा शर्मा, सीरम सैफी, किरन चावला, चंद्रकला पांडे, डिंपल राणा, कामिनी, अनीता कमलेश, सुनीता, कुसुम, प्रेमवती आदि बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles