विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : कुंडा में एसबीआई मैनेजर से रंगदारी मांगने के आरोपों के बीच अब काशीपुर में एक रिटायर्ड शिक्षक से 15 लाख की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
टांडा उज्जैन, गौतमनगर, काशीपुर निवासी मुरारी सिंह पुत्र रामस्वरूप सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह एक सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। उनके मोबाइल पर लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे थे और वह कह रहा था कि मैं बृजपाल पुत्र करन सिंह निवासी कुकरझुण्डी, थाना भगतपुर, मुरादाबाद बोल रहा हूँ और उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा था।
मुरारी सिंह ने बताया कि उक्त बृजपाल झूठे आरोप लगा रहा है कि तूने मेरी जमीन बेची है, जबकि जमीन से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें कई माह से धमकी भरी कॉल आ रही है तो उन्होंने धमकी भरी कॉल सुनकर कोई अप्रिय घटना की आशंका के डर से बृजपाल के मोबाइल नंबर को ब्लैक लिस्ट कर दिया। ब्लैक लिस्ट होने पर बृजपाल ने उनके मोबाइल पर धमकी भरे मैसेज व गंदी-गंदी गाली लिखनी शुरू कर दी।
मुरारी सिंह ने बताया कि बृजपाल मैसेजों के माध्यम से उनका पता पूछने लगा, मैसेजों का जवाब न देने पर परिवार के प्रति धमकी भरे मैसेज भेजने शुरू कर दिये और मकान का पता न बताने पर उनके मकान का पता लगवाकर मकान की रेकी करने लगा और रंगदारी के रूप में मैसेजों के माध्यम से 15 लाख रुपये की डिमाण्ड करने लगा। 15 लाख रुपये न देने पर बृजपाल उन पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें व उनके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहा है तथा परिवार के प्रति कोई अप्रिय घटना का अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है।
मुरारी सिंह ने बताया कि बृजपाल ने इसी हेकड़ी व दबंगई के बल पर दिनांक 25.04.2025 दिन शुक्रवार की सुबह मुरादाबाद में उन्हें घेर लिया और उनके साथ बदतमीजी करने लगा तथा जब वह वापिस मुरादाबाद से काशीपुर से आ रहे थे तो जैसे ही ट्रेन रोशनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो वहाँ पर भी वह उनके साथ बदतमीजी करने लगा, वह बामुश्किल काशीपुर पहुंचे।
मुरारी सिंह ने बताया कि जब वह रेलवे स्टेशन से बाहर निकलकर अपने घर जाने लगे तो उन्हें स्टेशन रोड पर रोक कर बृजपाल व अन्य दो लोगों ने एक राय होकर 15 लाख रुपये की मांग की और मांग न पूरी होने पर जान से मारने की धमकी दी तथा उनके साथ गाली-गलौच करने लगा। उन्होंने बृजपाल के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
मुरारी सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुरारी सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(3), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई हेम चंद्र तिवारी के हवाले की है।



