spot_img
spot_img
Saturday, February 21, 2026
spot_img

अब काशीपुर के लोगों को मिलेगी आवारा कुत्तों से निजात

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : आवारा कुत्तों के कारण लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए मेयर दीपक बाली ने आज पशु चिकित्सालय कैंपस में बने एनिमल बर्थ कंट्रोल केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा।

आपको बता दें कि काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में लगभग 8-10 हजार आवारा कुत्ते सड़कों पर घूमते हैं, जो जनता के प्रति एक बहुत बड़ी समस्या बने हुए हैं। इन आवारा कुत्तों के बारे में समय-समय पर मेयर दीपक बाली से शिकायत की जाती रही है। जिस कारण आज उन्होंने उन्होंने आज पशु चिकित्सालय पहुंचकर एनिमल बर्थ सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर शिव कुमार ने उन्हें आवारा कुत्तों के कारण आ रही समस्याओं का निदान शीघ्र कराने का आश्वासन दिया।

इस दौरान मेयर दीपक बाली ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार शीघ्र ही इस कैंपस में कुत्तों के लिए आश्रय स्थल का भी निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि निरंतर इस केंद्र की टीम कैचिंग वाहन के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाती है और वहां से आवारा कुत्तों को लाकर उनका यहां बधियाकरण किया जा रहा है। एक दिन में लगभग 15 कुत्तों का बधियाकरण होता है और उन्हें 5 दिन रखने के बाद उन्हीं जगहों पर छोड़ दिया जाता है जहां से उन्हें पकड़ा गया था।

बाली ने कहा कि अभी समय जरूर लगेगा लेकिन वह दिन दूर नहीं जब काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या से जनता को पूरी तरह राहत मिलेगी। उन्होंने जनता से भी अनुरोध किया कि आवारा कुत्तों की रोकथाम में वह भी अपना सहयोग दें।

केंद्र में तैनात डॉक्टर शिव कुमार ने बताया कि अभी तक इस केंद्र में केवल 85 कुत्तों के रखने की क्षमता है। यह केंद्र अगस्त माह में शुरू हुआ था और 8 अगस्त को तीन कुत्तों का बधियाकरण किया गया था। उल्लेखनीय है कि करोड़ों रुपए की लागत से बना यह केंद्र कई माह पूर्व बन कर तो तैयार हो गया था लेकिन यहां की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर इसे चालू करने की स्पीड मेयर दीपक बाली ने शुरू की और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 35 लाख रुपए की लागत से यहां आवश्यक उपकरण, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था, कैचिंग वाहन आदि व्यवस्थाएं पूरी कराई। यहां लाए गए कुत्तों को पूरी तरह साफ सुथरे हालत में रखा जाता है और उन्हें अच्छा भोजन दिया जाता है।

मेयर बाली ने बताया कि रेबीज का इंजेक्शन लगने से अब अगर यह कुत्ते किसी को काट भी लेते हैं तो उससे पीड़ित व्यक्ति को ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। इस केंद्र में विनोद कुमार, पप्पू चंद्रा, राजेश, राम अवतार, सुरेंद्र कुमार आदि पांच एनिमल केयर एवं शशांक कुमार दुबे असिस्टेंट मैनेजर तथा एक पशु चिकित्सा अधिकारी सहित कुल 7 लोग कार्यरत हैं।

निरीक्षण के दौरान पार्षद दीपा पाठक, पुष्कर बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष मानवेंद्र मानस, चौधरी समरपाल सिंह एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी मौजूद थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles