spot_img
spot_img
Friday, March 6, 2026
spot_img

जसपुर : बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

आवास विकास की खाली भूमि पर हो न्यायालय, प्रशासनिक एवं आवासीय भवन निर्माण : डॉ. सिंघल
7 हजार लंबित मामलों का हो निस्तारण: आदेश चौहान

पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रेम सिंह खिमाल को पत्र देकर पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल ने आवास विकास कॉलोनी में खाली पड़े भूखंड पर प्रशासनिक भवन, न्यायालय भवन एवं आवासीय भवन का निर्माण कराए जाने की मांग की।

उन्होंने पत्र में कहा कि आवास विकास परिषद यूपी से उत्तराखंड आवास विकास को भूमि का स्थानांतरण हो चुका है। वर्तमान में आवास विकास में 1,822 हेक्टेयर भूमि खाली पड़ी है। उन्होंने खाली पड़ी भूमि को आरक्षित कर न्यायालय भवन प्रशासनिक भवन आवासीय भवन का निर्माण कराए जाने की मांग की।

यहां बता दें कि कुछ रोज पहले बार एसोसिएशन जसपुर की कार्यकारिणी चुनाव संपन्न हुआ था जिसमें दिग्विजय सिंह ने जीत हासिल कर अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया था। आज जसपुर बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी को सहयोग का आश्वासन दिया।

कृषि उत्पादन मंडी समिति प्रांगण में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रेम सिंह खिमाल ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। अधिवक्ताओं ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों का फूल मालाएं पहनाकर स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

इस मौके पर विधायक आदेश चौहान, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र जीत सिंह एवं अधिवक्ताओं ने कहा कि जसपुर की अदालत में लगभग 7 हजार मुकदमों की फाइलें लंबित है। उन्होंने परिवार न्यायालय एवं अन्य अदालतों की स्थापना कराए जाने की मांग की। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्यों दिग्विजय सिंह अध्यक्ष, सलीम अहमद सचिव, संदीप शर्मा उपसचिव, महिपाल सिंह कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि न्यायालय गठन का अधिकार उच्च न्यायालय को है। बार एसोसिएशन के प्रत्यावेदन को वह उच्च न्यायालय में पहुंचा कर न्यायालय गठन कराए जाने का प्रयास करेंगे। न्यायालय भवन के निर्माण के लिए भी बार एसोसिएशन द्वारा भेजा गया भूमि का प्रस्ताव उच्च न्यायालय को भेजेंगे। अधिवक्ता अदालत में कानून को पढ़कर केस की तैयारी करके अदालत में आएं। कानून की पुस्तकों की पढ़ाई पर ध्यान दें। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्यों को बधाई दी गरीबों पीड़ितों के हित में कार्य करने का आवाहन किया।

मुख्य चुनाव अधिकारी विजेंद्र चौधरी, चुनाव अधिकारी प्रदीप कुमार, मनदीप चौधरी को निष्पक्षता पूर्वक चुनाव कराए जाने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता सुंदर पाल सिंह ने किया।

इस अवसर पर सीजेएम युसूफ अली, न्यायिक मजिस्ट्रेट मनोज सिंह राणा, जिला विधिक प्राधिकरण सचिव सचिन पाठक, बार काउंसिल के सदस्य हरि सिंह नेगी, दिनेश शर्मा, उमेश जोशी, देवेंद्र जीत सिंह, भूपेंद्र गहलौत, मुनेश कुमार, गुलाम साबिर, बाल किशोर सिंह, सर्वेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles