spot_img
spot_img
Thursday, February 26, 2026
spot_img

उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सचिन पायलट ने भरी हुंकार, यहां की जनसभा…

लोकसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट रामलीला ग्राउंड हल्द्वानी में जनसभा करने पहुंचे। वह विधायक सुमित हृदयेश के साथ स्वयं वाहन चलाकर पहुंचे और सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखे प्रहार किए।

जनसभा को संबोधित करते हुए सचिन ने कहा कि इस बार पूरे देश में बदलाव की लहर है और कांग्रेस पूरी मजबूती से मैदान में खड़ी है। भाजपा केवल धर्म और जाति की बात पर वोट कमाना चाहती है पर अब जनता सब जान चुकी है और भाजपा नेताओं के बहकावे में नहीं आने वाली।

भाजपा के पास जनता के सवालों के जवाब नहीं हैं और न ही यह सरकार जवाब देना चाहती है। रोजगार,महंगाई और भ्रष्टाचार पर बात करने से डरती है। नेताओं की आवाज दबाने और विपक्ष को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। पर अब जल्द नतीजे सामने आएंगे और इस बार कांग्रेस को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है।

पायलट ने कहा कि जनता को मतदान वाले दिन सांसद ही नहीं बदलना है, बल्कि देश की तस्वीर भी बदलनी है। भाजपा ने 10 साल पहले सरकार बनाने से पहले कहा था कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कालाधन को समाप्त कर देंगे, लेकिन महंगाई कम नहीं हुई। आजादी के बाद देश में पहली बार इतनी संख्या में शिक्षित बेरोजगार घूम रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने की बात कहने वाली भाजपा स्वयं भ्रष्टाचार में लिप्त है। इलेक्टोरल बॉन्ड के खुलासे के बाद साबित हो गया है कि भाजपा इतने दिनों से चंदा दो धंधा लो की नीति पर काम कर रही थी। कहा कि किसानों की आवाज को दबाया जा रहा है। किसी भी किसान की आमदनी दोगुनी नहीं हुई है।

कांग्रेस ने वादा किया है कि उनकी सरकार आने पर एमएसपी पर कानून बनेगा। भाजपा वाले अपने नेताओं के रिटायर होने की उम्र नहीं बता रहे, लेकिन देश के युवा को अग्निवीर के नाम पर चार साल में ही रिटायर करने की बात कह रहे हैं। कांग्रेस सरकार में अग्निवीर योजना को समाप्त किया जाएगा।

पायलट ने कहा कि भाजपा ने देश में काले कानून बनाए हैं। जीएसटी, नोटबंदी, किसानों के लिए तीन कानून लाकर देश को बर्बाद किया है। सरकारी पदों में हजारों की संख्या में पद खाली पड़े हैं। भाजपा बताए कि जिन दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था वह कहां हैं? उन्होंने कहा कि युवाओं को सपना दिखाया जा रहा है कि अब देश 2047 में विकसित हो जाएगा। भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को दबाव में लिया है। आचार संहिता के बावजूद निर्वाचित मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला जा रहा है और डराने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने जनता से प्रकाश जोशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles