spot_img
spot_img
Thursday, February 19, 2026
spot_img

पुलिस ने की चालानी कार्यवाही, विरोध में आये व्यापारी और भाजपाई

पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : पुलिस द्वारा बाइक सवारों के चालान काटने को लेकर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल जसपुर एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता डॉक्टर शैलेंद्र मोहन सिंघल के नेतृत्व में सुभाष चौक पर पहुंचकर चालान काट रहे कोतवाली के एसआई मनोज कार्की के सामने विरोध जताया।

आज रविवार को दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी मिलकर पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल के भाजपा कार्यालय सिंघल नर्सिंग होम पर पहुंचे तथा पूर्व विधायक को पुलिस द्वारा बेवजह चालान काटने एवं परेशान करने की स्थिति से अवगत कराया। पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने दर्जनों लोगों के साथ सुभाष चौक पर पहुंचकर एसआई मनोज कार्की को स्थानीय लोगों का चालान न करने को कहा। डॉ. सिंघल ने कहा कि चालान को शहर से बाहर जीजीआईसी के पास किया जाए जिससे स्थानीय व्यापारी एवं नागरिक परेशान ना हों।

वहीं, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह ने बताया कि जसपुर के व्यापारी रोजमर्रा में बाजार, बस अड्डा, लकड़ी मंडी आदि पर अपने व्यापारिक कार्य से आते-जाते हैं। कोई सब्जी लेने जाता है, कोई दवाई लेने जाता है, कोई मिठाई लेने जाता है, आरोप लगाया कि एसआई मनोज कार्की वाहनों की नंबर प्लेट का फोटो खींचकर वाहन स्वामी को ऑनलाइन चालान भेज देते हैं, जिससे उन्हें बेवजह चालान जमा कर भुगतना पड़ता है।

भाजपा नेता, जिला पंचायत सदस्य एवं श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सनी प्रधान ने उन्हें व्यापारियों को बेवजह परेशान न करने की बात कही। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में चालान ना काटे जाएं, क्योंकि कोई व्यक्ति बाजार में हेलमेट पहनकर किसी घटना को अंजाम देता है तो पहचानना मुश्किल होगा। नगर क्षेत्र में कहीं भी पार्किंग नहीं है, इसलिए ग्राहकों के सामने भी समस्या है कि अपने वाहनों को कहां खड़ा करें।

उधर, एसआई मनोज कार्की ने बताया कि 24 अगस्त से 24 सितंबर तक एसएसपी मणिकांत मिश्रा के आदेश पर सड़क सुरक्षा हेतु अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत तीन सवारी, नशा करके बाइक चलाना, सड़क के बीच बाइक एवं अन्य वाहन खड़ा करना, नाबालिगों को बाइक ना चलाने देना, हेलमेट पहन कर वाहन चलाना, चार पहिया वाहनों से काली फिल्म उतारना एवं भारी गाड़ियों की चेकिंग आदि शामिल है।

एसआई कार्की ने पूर्व विधायक डॉक्टर शैलेंद्र मोहन सिंघल एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह एवं जिला पंचायत सदस्य सनी प्रधान को चौराहे पर एवं बाजार में चालान न करने का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह, जिला पंचायत सदस्य सनी प्रधान, विमल अग्रवाल, अर्पित रस्तोगी, तरुण कुमार, नीशु अरोड़ा, डॉ. सुदेश कुमार, नीरज अरोरा, पराग अग्रवाल, हरीश कुमार, आशीष अरोड़ा, नीलकमल शर्मा, बृजेश चौहान, दीपक राणा, चौधरी रणवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles