spot_img
spot_img
Thursday, January 29, 2026
spot_img

पुलिस के लिए राज बनी जलते उपलों के बीच मिली युवती की लाश

शिशिर भटनागर

रामपुर (महानाद) : हत्या कर युवती को उपलों के बीच जलाने के मामले में पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। 24 घंटे बाद भी पुलिस के लिए यह लाश पहेली बनी हुई है। लाश किस युवती की है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस गांव-गांव घूम रही है।

हत्या कर शव जलाने का यह मामला शहजादनगर थाना क्षेत्र का है। यहां हाईवे से सटे मेघानगला गांव में एक खेत में रखे उपलों में मंगलवार को धुआं उठता देख लोगों की भीड़ लग गई थी। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया तो उसमें उपलों के बीच युवती की लाश नजर आई। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

सूचना पर पुलिस आ गई। लाश को कब्जे में कर लिया। पुलिस ने छानबीन की तो इतना ही जान सकी कि किसी ने हत्या कर शव को चुपचाप उपलों के बीच रखकर आग लगा दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। हत्या का पर्दाफाश करने के लिए मृतका की शिनाख्त होना जरूरी है। इसके लिए पुलिस ने मृतका के हुलिये के आधार पर पंफलेट छपवाए और उन्हें आसपास गांवों में बंटवाना शुरू कर दिया।

सीओ केमरी अशोक कुमार ने बताया कि शिनाख्त के लिए शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। यदि इसके बाद भी मृतका की शिनाख्त नहीं हुई तो शव का पोस्टमार्टम कराएंगे और बाद में अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।

उधर, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि मृतका की शिनाख्त के लिए उसके हुलिये के आधार पर पंफलेट बंटवाए जा रहे हैं। आसपास गांवों और जिले के सभी थानों में भी पम्फलेट दे दिए हैं। मृतका करीब 22 साल की थी और उसका कद छोटा था। उसके बारे में आसपास जनपदों के थानों से भी जानकारी की जा रही है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles