spot_img
spot_img
Sunday, April 5, 2026
spot_img

हल्द्वानी : दंगे की आड़ में पत्नी के प्रेमी को ठिकाने लगाने वाला सिपाही 3 साथियों के साथ गिरफ्तार

हल्द्वानी (महानाद) : पिछले दिनों बनभूलपुरा में हुई हिंसा के दौरान प्रकाश कुमार की गोली लगी लाश मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। प्रकाश की हत्या का संबंध बनभूलपुरा दंगे की घटना से नहीं था। उसकी हत्या अवैध सम्बन्धों के चलते की गई थी। पुलिस ने प्रकाश की हत्या का खुलासा करते हुए एक सिपाही सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि दिनाँक 09.02.2024 को थाना बनभूलपुरा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि इन्द्रानगर रेलवे फाटक से आगे आंवला गेट, गौला बाईपास मुख्य सड़क पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इस सूचना पर थाना बनभूलपुरा से एसआई अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। उक्त व्यक्ति के पास पाये गये दस्तावेजों से उसकी शिनाख्त प्रकाश कुमार सिंह उर्फ अविराज (25 वर्ष) पुत्र श्याम देव सिंह निवासी छिने गाँव, भोजपुर सिन्हा, बिहार के रूप में हुई। प्राथमिक जांच के आधार पर पाया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दिनांक 08.02.2024 की रात्रि को उक्त प्रकाश कुमार सिंह की हत्या कर दी गयी है। जिसके आधार पर थाना बनभूलपुरा में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 302 आईपीसी का अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच थानाध्यक्ष बनभूलपुरा नीरज भाकुनी को सौंपी गई।

एसएसपी ने बताया कि जाँच के दौरान विवेचक द्वारा मृतक प्रकाश कुमार सिंह के मोबाईल आदि की जाँच की गयी एवं एसओजी व सर्विलांस की मदद ली गयी तो यह संज्ञान में आया कि उक्त मृतक युवक का सम्पर्क सितारगंज के किसी युवक से था तथा उत्तराखण्ड के अन्य नम्बर से भी वह वार्ता कर रहा था, जो दिनाँक 08.02.2024 को हल्द्वानी पहुँचा।

उक्त सम्पर्क में आये व्यक्तियों की जानकारी कर उनसे पूछताछ की गयी तो पता चला कि सूरज मृतक प्रकाश का लगभग दो-ढाई साल से दोस्त था एवं मृतक प्रकाश कुमार सूरज के घर आता-जाता रहता था। इसी दौरान प्रकाश कुमार सिंह के अवैध सम्बन्ध सूरज भी बहन व सिपाही वीरेंद्र सिंह की पत्नी के साथ बन गये तथा मृतक प्रकाश सिपाही की पत्नी के साथ अवैध शारीरिक सम्बन्ध की वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर पैसे की मांग करने लगा। महिला ने यह बात अपने पति वीरेन्द्र से छुपा कर रखी, लेकिन दिनांक 07.02.2024 को मृतक प्रकाशने उसके पति वीरेन्द्र को फोन किया, जिसके बाद महिला ने पूरी बात अपने पति को बताई।

सके बाद सिपाही वीरेन्द्र ने अपनी पत्नी एवं अपने साथी नईम खान उर्फ बबलू के साथ मिलकर प्रकाश कुमार सिंह की हत्या करने की साजिश रची। जिसके बाद वीरेंद्र ने प्रकाश को अपनी पत्नी के जरिए फोन करवाकर हल्द्वानी बुलवाया। वीरेन्द्र ने प्रकाश से उसके मोबाईल से अपनी पत्नी की वीडियो हटाने को कहा। लेकिन प्रकाश ने मना कर दिया जिस पर सिपाही वीरेन्द्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिनांक 8.02.2024 की शाम को प्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दी।

वीरेन्द्र व उसके साथियों से पूछताछ के बाद अपने जुर्म का इकबाल कर लेने के आधार पर धारा 302 आईपीसी के तहत गिरफ्तार करते हुए अभियुक्त वीरेन्द्र की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल मय जिन्दा 4 कारतूसों साथ बरामदगी कर ली गयी।

गिरफ्तार किये गये अभियुक्तगण –
1- सिपाही वीरेन्द्र सिंह (36 वर्ष) पुत्र स्व. रघुनाथ सिंह निवासी ग्राम आलावृद्धि, पोस्ट नागवा नाथ, खटीमा, उधम सिंह नगर।
2- सूरज बाईन (28 वर्ष) पुत्र पवित्र बाईन निवासी शक्तिफार्म नं.-1, बैकुण्ठ नगर, सितारगंज, उधम सिंह नगर।
3- प्रेम सिंह (30 वर्ष) पुत्र स्व. श्री रविशंकर सिंह निवासी ढौराडा, किच्छा, उधम सिंह नगर।
4- नईम खान उर्फ बबलू (50 वर्ष) पुत्र स्व. नसीम खान निवासी इन्द्रानगर पश्चिमी, वार्ड नं. 14, उजाला नगर, बनभूलपुरा, नैनीताल।

जबकि वीरेंद्र की पत्नी फरार चल रही है जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस की टीमें दबिशें दे रही हैं।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles